सांसद ने लोकसभा में उठाई काशी द्वार योजना रद्द करने की मांग
पिंडरा, वाराणसी।
नितेश गुप्ता
तहलका 24×7
मछलीशहर की सांसद प्रिया सरोज ने लोकसभा में शून्य काल के दौरान काशी द्वार योजना को रद्द करने की मांग उठाई।उन्होंने लोकसभा में संबोधन के दौरान बताया कि मछलीशहर संसदीय क्षेत्र के पिंडरा विधानसभा, जनपद वाराणसी के पिंडरा ग्रामसभा और आसपास के दस गांवों में काशी द्वार नाम की टाउनशिप बनाने की योजना थी। इस योजना के तहत उत्तर प्रदेश आवास विकास परिषद द्वारा लगभग 900 एकड़ ज़मीन लेने की योजना बनाई गई थी, लेकिन इस फैसले का स्थानीय किसानों ने विरोध किया और धरना-प्रदर्शन किया।

इसके बाद प्रशासन ने किसानों को आश्वासन दिया कि काशी द्वार योजना फिलहाल स्थगित कर दी गई है।हालांकि, किसानों की ज़मीन के क्रय विक्रय और निर्माण कार्य पर रोक अब भी लगी हुई है। इस वजह से किसान न तो अपनी ज़मीन बेच पा रहे हैं और न ही उस पर कोई निर्माण कर पा रहे हैं। क्षेत्र के किसान अपनी जरूरतें पूरी करने और आय के लिए अपनी जमीन पर निर्भर हैं। वे जमीन का छोटा टुकड़ा बेचकर बेटियों की शादी, घर बनाने या अन्य आवश्यक खर्चों का इंतजाम करते हैं। पिछले दो साल से जमीन की खरीद-बिक्री पर रोक लगी हुई है, जिससे वे काफी परेशानी का सामना कर रहे हैं।सांसद प्रिया सरोज ने मांग किया कि काशी द्वार योजना को पूरी तरह रद्द किया जाए या इसे कहीं और बनाया जाए।

किसानों की जमीन की रजिस्ट्री और निर्माण पर लगी रोक हटाई जाए।किसानों के रोजगार के साधन के लिए जरूरी है कि उन्हें अपनी जमीन पर पूरा हक मिले और वे अपनी ज़रूरतों के अनुसार इसका उपयोग कर सकें।
विदित हो कि लोकसभा चुनाव के दौरान आंदोलनरत किसानों को सांसद प्रिया सरोज ने भरोसा दिलाया था कि काशी द्वार योजना को रद्द करने के लिए लोकसभा में आवाज उठाऊंगी। शुक्रवार को भी किसानों ने तहसील पर पहुंचकर एसडीएम को ज्ञापन देकर काशी द्वार योजना को रद्द करने और रजिस्ट्री बहाल कराने की मांग उठाई थी।
















