सिस्टम की खामियों पर आवाज उठाने वाले सिपाही सुनील शुक्ला निलंबित
# गार्ड ड्यूटी में वसूली के लगाए थे आरोप,विभाग ने शुरु की जांच
लखनऊ।
विजय आनंद वर्मा
तहलका 24×7
पुलिस लाइन में तैनात सिपाही सुनील शुक्ला को विभागीय कार्रवाई के तहत निलंबित कर दिया गया है।शुक्ला ने हाल के दिनों में सोशल मीडिया पर कई वीडियो जारी कर पुलिस महकमे में कथित भ्रष्टाचार और अव्यवस्थाओं के आरोप लगाए थे।वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस कमिश्नरेट ने मामले की जांच शुरु कर दी थी।सुनील शुक्ला ने अपने वीडियो में आरोप लगाया था कि गार्ड ड्यूटी लगाने के नाम पर सिपाहियों से प्रति व्यक्ति करीब दो हजार रुपये तक की वसूली की जाती है और यह रकम चैन सिस्टम के जरिए ऊपर तक पहुंचती है।

उन्होंने मेडिकल प्रतिपूर्ति समेत अन्य विभागीय प्रक्रियाओं में भी भ्रष्टाचार का दावा किया था।विभागीय सूत्रों के अनुसार,मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए गणना कार्यालय में तैनात कर्मियों को हटाकर नई तैनाती की गई है।साथ ही ड्यूटी आवंटन प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए कंप्यूटरीकृत सॉफ्टवेयर आधारित प्रणाली लागू करने की तैयारी की जा रही है, जिससे मानव हस्तक्षेप कम हो सके।वायरल वीडियो में सुनील शुक्ला ने कहा था कि उन्हें विभागीय जांच पर भरोसा नहीं है।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया था कि वीडियो सामने आने के बाद उनके घर पर दबिश दी गई।हालांकि पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि टीम केवल नोटिस देने गई थी, दबिश देने नहीं।निलंबन के बाद सुनील शुक्ला ने कहा कि“मैं सत्य का महंगा नशा करता हूं।मैं इस नशे में झूम रहा हूं और मुझे कभी तोड़ा नहीं जा सकेगा।” फिलहाल पूरे प्रकरण की जांच जारी है और विभागीय अधिकारियों का कहना है कि आगे की कार्रवाई जांच रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी।


















