सीबीआई ने वाराणसी रेल मंडल के सीनियर डीएमएम को 1.27 लाख रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा
वाराणसी।
तहलका 24×7
पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी रेल मंडल मुख्यालय में बड़ी कार्रवाई करते हुए सीबीआई की लखनऊ टीम ने वरिष्ठ मंडल सामग्री प्रबंधक नितिश अग्रवाल को 1.27 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।कार्रवाई रेलवे में सामग्री आपूर्ति करने वाले एक ठेकेदार संदीप की शिकायत पर की गई।

जानकारी के अनुसार,सीबीआई टीम पहले अधिकारी के आवास पर पहुंची,जहां ट्रैप की कार्रवाई के दौरान उन्हें रिश्वत की रकम के साथ गिरफ्तार किया गया।इसके बाद टीम ने उनके आवास पर मौजूद परिजनों से पूछताछ की और संबंधित दस्तावेजों की जांच की।वहीं,रेल मंडल कार्यालय में भी कर्मचारियों से पूछताछ किए जाने की जानकारी सामने आई है।सूत्रों के मुताबिक,गिरफ्तारी के बाद सीबीआई टीम आरोपी अधिकारी को अपने साथ लखनऊ ले गई।उनसे रेलवे में सामग्री खरीद व आपूर्ति से जुड़े मामलों तथा अन्य संभावित अनियमितताओं के संबंध में कई घंटे तक पूछताछ की गई।

बताया जा रहा है कि उन्हें शुक्रवार को सीबीआई की विशेष अदालत में पेश किया जाएगा।बताया गया कि सीबीआई की टीम डीआरएम कार्यालय भी पहुंची थी, लेकिन कार्यालय बंद होने के कारण वहां विस्तृत कार्रवाई नहीं हो सकी।फिलहाल सीबीआई मामले की जांच आगे बढ़ा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि रिश्वतखोरी का यह मामला किसी बड़े नेटवर्क या अनियमितता से जुड़ा है या नहीं।


















