सूर्या हत्याकांड: मुख्य आरोपी असद पुलिस मुठभेड़ में ढेर, एक सिपाही घायल
गाजियाबाद।
तहलका 24×7
जिले के चर्चित सूर्या हत्याकांड में रविवार तड़के बड़ा घटनाक्रम सामने आया।पुलिस ने फरार चल रहे मुख्य आरोपी असद को मुठभेड़ में मार गिराया। इंदिरापुरम थाना क्षेत्र के अभय खंड इलाके में हुई इस कार्रवाई के दौरान एक पुलिसकर्मी भी घायल हो गया। पुलिस के अनुसार असद पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

जानकारी के अनुसार, खोड़ा और इंदिरापुरम थाना पुलिस की संयुक्त टीम आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दे रही थी।पुलिस को सूचना मिली थी कि असद क्षेत्र में आने वाला है।इसके बाद घेराबंदी की गई।पुलिस का दावा है कि खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरु कर दी।जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से वह गंभीर रुप से घायल हो गया।उसे अस्पताल ले जाया गया,जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।मुठभेड़ में एक सिपाही को भी गोली लगी, जिसका उपचार कराया जा रहा है।

उल्लेखनीय है कि बकरीद के दिन 17 वर्षीय कक्षा 11 के छात्र सूर्या प्रताप चौहान की चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी।इस घटना के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश फैल गया था और आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर प्रदर्शन भी हुए थे।मामले में पुलिस पहले ही कई आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी थी,जबकि मुख्य आरोपी असद फरार चल रहा था।मृतक की मां सरोज ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की थी।

उन्होंने कहा था कि परिवार की सारी उम्मीदें सूर्या पर टिकी थीं,लेकिन उसकी हत्या ने परिवार को तोड़ दिया।असद के एनकाउंटर के बाद उन्होंने पुलिस की कार्रवाई पर संतोष जताया।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की जांच जारी है और अन्य आरोपियों के खिलाफ भी विधिक कार्रवाई की जा रही है।एहतियात के तौर पर इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।
















