हमीरपुर में निर्माणाधीन पुल का स्लैब गिरा,6 मजदूरों की मौत,कई घायल
हमीरपुर।
तहलका 24×7
बेतवा नदी पर बन रहे निर्माणाधीन पुल का स्लैब शुक्रवार देर रात करीब दो बजे गिर गया।हादसे में छह मजदूरों की मौत हो गई,जबकि कई अन्य मजदूरों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है।राहत और बचाव के लिए एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान चला रही है।जेसीबी मशीनों की मदद से मलबा हटाया जा रहा है।हादसा शहर से करीब 25 किलोमीटर दूर ललपुरा थाना क्षेत्र में हुआ।

मृतकों में चार मजदूर बांदा और दो हमीरपुर के निवासी बताए गए हैं।घटना की सूचना मिलते ही लखनऊ से वरिष्ठ अधिकारी भी हमीरपुर के लिए रवाना हो गए। उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निगम की ओर से बन रहे इस पुल की लागत लगभग 90 करोड़ रुपये बताई जा रही है। करीब 700 मीटर लंबे दो लेन के इस पुल का निर्माण मोराकांड से कुरारा गांव के बीच कराया जा रहा है। परियोजना का काम मार्च 2024 में शुरु हुआ था और दिसंबर 2026 तक इसे पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

सेतु निगम के प्रबंध निदेशक धर्मवीर सिंह ने बताया कि देर रात आई तेज आंधी और बारिश के कारण स्लैब के नीचे लगा सपोर्ट सिस्टम हिल गया,जिससे सेगमेंट स्लैब नीचे गिर गए।उस समय कई मजदूर नीचे सो रहे थे,जो मलबे में दब गए।उन्होंने बताया कि हादसे की जांच स्थानीय प्रशासन और निगम स्तर पर कराई जाएगी। निगम द्वारा बनाए जा रहे पुलों का थर्ड पार्टी ऑडिट आईआईटी बीएचयू से कराया जाता है और इस पुल का ऑडिट भी वहीं से किया जा रहा है।कानपुर में तैनात चीफ प्रोजेक्ट मैनेजर समेत अन्य अधिकारी रात में ही मौके पर पहुंच गए।

















