तांत्रिक के कहने पर दादा ने की पोते की निर्मम हत्या
प्रयागराज।
तहलका 24×7
औद्योगिक क्षेत्र में सिर और हाथ-पैर काटकर शव फेंके जाने के मामले में सनसनीखेज खुलासा हुआ है। मृतक की पहचान 11वीं के छात्र पीयूष उर्फ यश (17) के रुप में हुई।वह करेली के सदियापुर का रहने वाला था।पुलिस का दावा है कि इस जघन्य हत्याकांड को उसके रिश्ते में दादा लगने वाले शख्स ने अंजाम दिया। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसकी निशानदेही पर मृतक छात्र का कटा सिर और हाथ-पैर भी बरामद कर लिए गए।

औद्योगिक क्षेत्र के लवायन कुरिया गांव में स्कूटी सवार युवक पॉलिथीन में लिपटा क्षत-विक्षत शव फेंककर फरार हो गया था।जांच के दौरान पुलिस ने मौके तक आने-जाने वाले रास्तों पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरु किए। मिर्जापुर रोड पर लगे 50 से अधिक कैमरों की जांच में पता चला कि स्कूटी सवार शहर की ओर से आया था। पुराने पुल से होकर वह प्रयागराज मिर्जापुर हाईवे के रास्ते औद्योगिक क्षेत्र पहुंचा। फुटेज खंगालते हुए पुलिस संदिग्ध तक पहुंची और पता चला कि स्कूटी सदियापुर गुरुद्वारे के पास रहने वाले शरण सिंह की है, जो प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करता है।

बस्ती में सुरागरशी के दौरान यह जानकारी भी सामने आई कि शरण सिंह के भतीजे का बेटा और 11वीं का छात्र पीयूष मंगलवार सुबह से ही गायब है। उसके पिता अजय सिंह का निधन हो चुका है और वह अपनी मां कामिनी के साथ सदियापुर गुरुद्वारे के पास रहता था। सरस्वती विद्या मंदिर शास्त्री नगर करेली में पढ़ता था। मां कामिनी ने पुलिस को बताया कि मंगलवार सुबह 8:30 बजे बेटा स्कूल जाने के लिए घर से निकला था। रोजाना दोपहर 2:30 बजे तक लौट आता था, लेकिन उस दिन वापस नहीं आया।स्कूल से पता चला कि वह पहुंचा ही नहीं।

पुलिस ने शरण सिंह की तलाश शुरु की और कुछ घंटे बाद उसे करेली क्षेत्र से ही हिरासत में ले लिया। थाने लाकर सख्ती से पूछताछ की गई तो उसने हत्या की बात स्वीकार करते हुए चौंकाने वाला खुलासा किया। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि कुछ समय पहले उसकी बेटी और बेटे ने आत्महत्या कर ली थी। घटना से वह गहरे सदमे में था। उसने एक तांत्रिक से संपर्क किया, जिसने कहा कि यदि वह अपने बेटे या बेटी की उम्र के किसी किशोर की बलि दे तो उसके सारे ग्रहदोष समाप्त हो जाएंगे। इसी के चलते उसने पीयूष की हत्या की योजना बनाई और मंगलवार सुबह मौका पाकर वारदात को अंजाम दिया।

हत्या के बाद उसने पीयूष के हाथ-पैर और सिर काटकर करेड़ा जंगल में फेंक दिए, जबकि धड़ को स्कूटी पर रखकर औद्योगिक क्षेत्र में छोड़ आया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर करेंहदा जंगल से हाथ-पैर और सिर बरामद किया। डीसीपी नगर अभिषेक भारती ने बताया कि रिश्ते में दादा लगने वाले शख्स ने ही छात्र की हत्या की। उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। प्रारंभिक पूछताछ में यह बात सामने आई है कि एक तांत्रिक के कहने पर उसने वारदात को अंजाम दिया। आरोपी से पूछताछ जारी है।








