पेट्रोल-डीजल पर बड़ी राहत,केंद्र ने घटाई एक्साइज ड्यूटी
नई दिल्ली।
तहलका 24×7
ईंधन की बढ़ती कीमतों के बीच केंद्र सरकार ने पेट्रोल और डीजल पर एक्साइज ड्यूटी में बड़ी कटौती की है।सरकार ने पेट्रोल पर ड्यूटी 13 रुपये से घटाकर 3 रुपये प्रति लीटर और डीजल पर 10 रुपये से घटाकर शून्य कर दिया।यह फैसला तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।यह कदम वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में उछाल के बीच उठाया गया है।पश्चिम एशिया में जारी तनाव और होर्मुज जलडमरू मध्य पर प्रभाव के कारण तेल आपूर्ति पर दबाव बना हुआ है।

सरकार का कहना है कि इस कटौती से फिलहाल पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ने से रोके जा सकेंगे और तेल कंपनियों पर पड़ रहा दबाव कम होगा। पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमतें बढ़ने के बावजूद उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए सरकार ने अपने राजस्व पर असर झेला है।

ईरान से जुड़े हालात और सप्लाई बाधित होने के कारण ब्रेंट क्रूड की कीमत 100 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गई है।इससे तेल कंपनियों की लागत बढ़ गई है।सरकार और तेल कंपनियों ने स्पष्ट किया कि देश में पेट्रोल डीजल की कोई कमी नहीं है।इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन और हिंदुस्तान पेट्रोलियम ने कहा है कि सभी पंपों पर पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है।

लोगों से अपील की गई कि अफवाहों पर ध्यान न दें और जमाखोरी से बचें।कुछ इलाकों में पेट्रोल पंपों पर भीड़ और“नो स्टॉक”के बोर्ड देखने को मिले,हालांकि सरकार ने इसे अफवाहों का असर बताया है।इसी बीच नायरा एनर्जी ने पेट्रोल के दाम में 5 रुपये और डीजल में 3 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की है,जिसका कारण इनपुट लागत में इजाफा बताया गया है।

















