किराएदार के कमरे से आटे के डिब्बे में मिली बच्ची की लाश
# 28 घंटे से लापता थी आठ साल की मासूम
आगरा।
तहलका 24×7
मंगलवार शाम 4 बजे घर से लापता आठ साल की बच्ची का शव 28 घंटे बाद उसी घर के किराएदार के कमरे से मिला।बच्ची की लाश को आटा रखने वाले सिल्वर कलर के ड्रम में छिपाया गया था। आरोपी किराएदार मौके से फरार है।पुलिस टीमें उसकी तलाश कर रही हैं।घटना ताजगंज थाना क्षेत्र में गौबर चौकी के सिद्धार्थ नगर की है।

बच्ची की लाश मिलने पर परिजन आक्रोशित हो गए, गुस्साए परिजनों और स्थानीय लोगों ने फतेहाबाद रोड के मुगल पुलिया पर जाम लगा दिया।आक्रोशित लोगों ने मौके पर तोड़फोड़ भी की।पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने किसी तरह से लोगों को शांत कराया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।डीसीपी सिटी सैय्यद अली अब्बास ने बताया कि आरोपी अभी फरार है।पुलिस की कई टीमें उसकी तलाश में जुटी हैं।

बच्ची की हत्या की वजह अभी स्पष्ट नहीं है।आशंका है कि गला दबाकर बच्ची की हत्या की गई है।आरोपी के खिलाफ अपहरण और हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है।उन्होंने बताया कि ताजगंज थाना क्षेत्र के सिद्धार्थ नगर निवासी दिनेश कुमार जूता कारखाना संचालक हैं। दिनेश का घर में ही जूता कारखाना है।उसने पुलिस को बताया कि मंगलवार शाम करीब 4 बजे उनकी बेटी प्रज्ञा (8) घर के बाहर खेलते समय लापता हो गई।

जब बेटी शाम तक घर नहीं आई तो उसकी तलाश शुरू की गई, लेकिन उसका कहीं सुराग नहीं मिला।इस पर ताजगंज पुलिस को सूचना दी गई।पुलिस ने अपहरण का केस दर्ज करके सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरु किए, जिसमें बच्ची दो बार दिखी।बच्ची एक बार गली से बाहर आ रही है,दूसरी बार गली में ही वापस जा रही है।इससे साफ हो गया कि बच्ची गली के अंदर ही कहीं गायब हुई है।इसके बाद पुलिस टीम ने हर घर की तलाशी ली, तब भी बच्ची का कहीं सुराग नहीं मिला।

बुधवार रात पुलिस को जानकारी मिली कि दिनेश के घर में एक किराएदार सुनील और उसकी मां रहते हैं।पुलिस ने किराएदार सुनील के बारे में पूछा तो वह गायब था। जबकि,पहले वह परिवार के साथ ही बच्ची की खोजबीन कर रहा था।उसकी मां भी मंगलवार शाम से नहीं दिखी।इसके बाद पुलिस टीम मकान की पहली मंजिल पर स्थित किराएदार के कमरे में पहुंची।कमरे का ताला तोड़ा और कमरे में छानबीन की गई तो कमरे में आटे का ड्रम मिला,जिसे खोलकर देखा गया तो ड्रम के अंदर बच्ची का शव था।

















