सुल्तानपुर : 63,194 छात्र-छात्राओं को टैबलेट व स्मार्टफोन का इंतजार
सुल्तानपुर।
ज़ेया अनवर
तहलका 24×7
जिले के 63,194 विद्यार्थी अभी टैबलेट व स्मार्टफोन का इंतजार कर रहे हैं। 88,422 विद्यार्थियों में 25,228 को पहले चरण में टैबलेट व स्मार्टफोन का आवंटन हुआ था। आवंटित टैबलेट व स्मार्ट फोन का वितरण छात्र-छात्राओं में हो चुका है।

युवाओं को तकनीकी रूप से सशक्त बनाने के लिए प्रदेश सरकार ने टैबलेट व स्मार्टफोन वितरण की योजना शुरू की थी। शासन की मंशा है कि टैबलेट व स्मार्टफोन के जरिए विद्यार्थी ऑनलाइन क्लास लेने, अत्याधुनिक जानकारियां हासिल करने और देश-दुनिया की ताजा तरीन खबरों से रूबरू हो सकें। इसके लिए जिले के 91,865 छात्र-छात्राओं का डेटा डीजी शक्ति पोर्टल पर अपलोड हुआ था। इसमें से 88,422 विद्यार्थियों का डेटा सत्यापित हुआ। पहले चरण में शासन से 25,228 टैबलेट व स्मार्टफोन आवंटित हुए।

इसमें 10,100 स्मार्टफोन व 15,128 टैबलेट शामिल हैं। विद्यालयों को वितरण के लिए टैबलेट व स्मार्टफोन भेजे गए थे। अभी भी 63,194 विद्यार्थी टैबलेट व स्मार्टफोन पाने का इंतजार कर रहे हैं। विद्यार्थी अलग-अलग स्रोतों से टैबलेट व स्मार्टफोन मिलने की जानकारियां जुटा रहे हैं। सह जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. आरजे मौर्य ने बताया कि दूसरे चरण के टैबलेट व स्मार्टफोन आपूर्ति किए जाने की अभी कोई सूचना प्राप्त नहीं हुई है। वितरण की संख्या शून्य होने के बाद अगले चरण की प्रक्रिया के बारे में पत्राचार होगा।

# इन्हें मिलने हैं टैबलेट व स्मार्टफोन
उच्च शिक्षण संस्थानों में स्नातक कक्षाओं में अध्ययनरत तथा उत्तर प्रदेश स्किल डवलपमेंट मिशन में पढ़ाई कर रहे विद्यार्थियों को स्मार्टफोन मिलना है। पोस्ट ग्रेजुएशन, व्यावसायिक पाठ्यक्रम, टेक्निकल एजुकेशन, डिपार्टमेंट ऑफ कल्चर, एग्रीकल्चर एजुकेशन एंड रिसर्च, एनिमल हसबैंड्री डिमार्टमेंट में अध्ययनरत विद्यार्थियों को टैबलेट वितरित किया जाना है।



















