26 दिन बाद खत्म हुआ सोनम वांगचुक का अनशन,सरकार ने तीन प्रमुख मांगों पर दिया लिखित आश्वासन
नई दिल्ली।
तहलका 24×7
सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने 26 दिनों तक चले अपने अनशन को सरकार से लिखित आश्वासन मिलने के बाद समाप्त कर दिया।उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार और विभिन्न राजनीतिक दलों के सांसदों की ओर से सकारात्मक पहल के बाद यह निर्णय लिया गया।केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और डॉ.जितेंद्र सिंह वांगचुक से मिलने पहुंचे।इस दौरान लद्दाख की एपेक्स बॉडी के प्रमुख प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।

बैठक के बाद सरकार की ओर से तीन महत्वपूर्ण बिंदुओं पर लिखित आश्वासन दिया गया।सरकार के लिखित आश्वासन की तीन प्रमुख बातों में जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने वालों तथा 20 जुलाई को संसद मार्च में शामिल लोगों के खिलाफ कोई मामला दर्ज नहीं किया जागा।पेपर लीक की घटनाओं पर रोक लगाने और परीक्षा प्रणाली में व्यापक सुधार के लिए संसद में चर्चा कर स्थायी समाधान की दिशा में कदम उठाए जाएंगे और हालिया NEET पेपर लीक प्रकरण से जुड़े उन छात्रों के परिवारों को उचित मुआवजा देने के प्रस्ताव पर सरकार सकारात्मक तरीके से विचार करेगी,जिन्होंने कथित तौर पर आत्महत्या की है।

अनशन समाप्त करने के बाद सोनम वांगचुक ने लद्दाख की एपेक्स बॉडी के नेताओं,विभिन्न दलों के सांसदों और अपने समर्थकों का आभार व्यक्त किया।उन्होंने भावुक होकर कहा कि”26 दिन बाद पहली बार कुछ खाने को मिला है।इसका स्वाद बहुत अच्छा लगा,लेकिन भूख का अपना कोई स्वाद नहीं होता।”सरकार के इस आश्वासन के बाद फिलहाल आंदोलन में नरमी आने के संकेत मिले हैं,हालांकि आगे संसद में होने वाली चर्चा और सरकार के ठोस कदमों पर सभी की नजरें बनी रहेंगी।

















