48 घंटे बाद भी नहीं दर्ज हो सका केस, देर रात पहुंचे उच्चाधिकारियों की जांच

48 घंटे बाद भी नहीं दर्ज हो सका केस, देर रात पहुंचे उच्चाधिकारियों की जांच

# पटखौली गांव में सत्ता पक्ष के विधायक पर जमीन कब्जे का है गम्भीर आरोप

शाहगंज, जौनपुर।
एखलाक खान
तहलका 24×7
              पटखौली पूरे आजम गांव में जमीन विवाद को लेकर मचे बवाल पर 48 घंटे बीत जाने के बाद भी एफआईआर दर्ज नहीं हो सकी है। पीड़ित सैयद अकबर काजमी ने आरोप लगाया कि पुलिस केवल बयानबाजी और मौके का मुआयना करने तक सीमित है,जबकि अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।मामले की गंभीरता को देखते हुए सोमवार रात अपर पुलिस अधीक्षक आयुष श्रीवास्तव, क्षेत्राधिकारी अजित सिंह चौहान, उप जिलाधिकारी कुणाल गौरव,तहसीलदार आशीष सिंह राजस्व टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
इससे पहले पीड़ित को पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने बुलाकर पूरी घटना की जानकारी ली थी। पीड़ित सैयद अकबर काजमी पुत्र ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज कर इंसाफ की गुहार लगाई है। उनका आरोप है कि शाहगंज विधायक रमेश सिंह की पत्नी नीलम सिंह के नाम उनकी पुश्तैनी जमीन का फर्जी एग्रीमेंट किया गया। रविवार की सुबह विधायक के समर्थक जेसीबी लेकर पहुंचे और लगभग 50 साल पुरानी बाउंड्रीवाल ढहा दी।
आरोप है कि इस दौरान विरोध करने पर महिलाओं के साथ गाली-गलौज और अभद्रता की गई, सीसीटीवी कैमरे तोड़ दिए गए और पीड़ित को जान से मारने की धमकी दी गई। पीड़ित ने अपने शिकायती पत्र में विधायक के अलावा राजेश सिंह, अजीत सिंह और फैजान अहमद के नाम भी शामिल किया है।
गांव में अब भी तनाव का माहौल बना हुआ है, जबकि पीड़ित परिवार लगातार न्याय और सुरक्षा की गुहार लगा रहा है। फिलहाल स्थानीय पुलिस, तहसील प्रशासन और सत्ता की हनक के बीच फंसे पीड़ित को न्याय कब और कैसे मिलता है, आमजन में इसकी चर्चा जोरों पर है।
Previous articleबच्चों संग मनाया गया प्रधानमंत्री का जन्मदिन
Next articleनाबालिग छात्र की मौत का पुलिस ने किया खुलासा, चार गिरफ्तार
Tahalka24x7
तहलका24x7 की मुहिम... "सांसे हो रही है कम, आओ मिलकर पेड़ लगाएं हम" से जुड़े और पर्यावरण संतुलन के लिए एक पौधा अवश्य लगाएं..... ?