6 शिक्षक बर्खास्त, 5 को जेल, फर्जी दस्तावेज पर कर रहे थे नौकरी
श्रावस्ती।
तहलका 24×7
भारत नेपाल सीमा से सटे श्रावस्ती जिले में फर्जी एवं कूटरचित दस्तावेजों पर नौकरी कर रहे 6 शिक्षकों में से 5 को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया, जबकि एक शिक्षक फरार हो गया। इन फर्जी शिक्षकों को जांच रिपोर्ट के आधार पर बेसिक शिक्षा अधिकारी ने बर्खास्त किया है।जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने बताया कि शासन की ओर से गठित जनपदीय जांच समिति द्वारा कराई जा रही विभागीय जांच से संज्ञान में आया कि जनपद में कुछ शिक्षक फर्जी दस्तावेज के माध्यम से बेसिक शिक्षा विभाग में नौकरी कर रहे हैं।

डीएम ने बताया कि जांच में पता चला कि बेसिक शिक्षा अधिकारी द्वारा छह शिक्षकों पर बर्खास्तगी की कार्रवाई की गई। खंड शिक्षा अधिकारी हरिहरपुर रानी, जमुनहा और सिरसिया की तहरीर पर मुकदमा भी दर्ज किया गया।पुलिस अधीक्षक घनश्याम चौरसिया ने बताया कि आलोक कुमार गुप्ता उर्फ किशन गुप्ता निवासी ईश्वरचंद नगर थाना भोगनीपुर जनपद कानपुर देहात वर्ष 2017 से सहायक अध्यापक पद पर प्राथमिक विद्यालय बल्दीडीह, सिरसिया में DED का फर्जी अंकपत्र लगाकर नौकरी कर रहे थे। इनके खिलाफ कोतवाली भिनगा में एफआईआर दर्ज कराई।

सिरसिया थाने में प्रदीप कुमार पुत्र लालजी निवासी ग्राम इस्माइलपुर तहसील घाटमपुर वर्ष 2017 से सहायक अध्यापक पद पर प्राथमिक विद्यालय केशवपुर सिरसिया में कार्यरत थे। इन्होंने DED का फर्जी कूटरचित अंकपत्र लगाया था।एसपी घनश्याम चौरसिया ने बताया कि जितेंद्र सिंह पुत्र रामऔतार निवासी भोगीसागर तहसील भोगनीपुर जनपद कानपुर देहात वर्ष 2017 से सहायक अध्यापक प्राथमिक विद्यालय कोयलहवा सिरसिया में DED का फर्जी कूटरचित अंकपत्र लगा कर नौकरी कर रहे थे।

उमेश कुमार मिश्र पुत्र प्रेमचंद्र निवासी रामपुर तप्पा कनैला थाना कलवारी जनपद बस्ती वर्ष 2013 में सहायक अध्यापक प्राथमिक विद्यालय वैभी गिलौला नियुक्त हुए थे। वर्तमान में उच्च प्राथमिक विद्यालय असनहरिया, हरिहरपुर रानी में कार्यरत थे। TET का फर्जी अंकपत्र लगाकर नौकरी कर रहे थे। इसी प्रकार सुशील कुमार पुत्र रामसजीवन निवासी ग्राम परेहरापुर जनपद कानुपर देहात वर्ष 2017 से DED का फर्जी कूटरचित अंकपत्र लगाकर सहायक अध्यापक प्राथमिक विद्यालय भवानीपुरवा विकास खंड जमुनहा में नौकरी कर रहे थे।

एसपी घनश्याम चौरसिया ने बताया सभी अभियुक्तों को पुलिस ने गुरुवार विभिन्न स्थानों से गिरफ्तारी की गई है। जबकि बस्ती जिले के ग्राम थान्हा तहसील हर्रैया निवासी संदेश श्रीवास्तव जो जमुनहा के प्राथमिक विद्यालय अहिरन देवरा में सहायक शिक्षक के पद पर तैनात थे, भनक लगते ही मौके फरार हो गया।
















