786 नंबर के नोट की ऊंची कीमत का झांसा देकर मजदूर से 10 हजार की साइबर ठगी
# 14 लाख रुपये दिलाने का लालच देकर क्यूआर कोड से कराए रुपये ट्रांसफर, फिर मांगे 18 हजार और
खेतासराय, जौनपुर।
डॉ. सुरेश कुमार
तहलका 24×7
क्षेत्र के जमदहां गांव निवासी एक मजदूर दुर्लभ सीरियल नंबर वाले 786 अंक के नोट की ऊंची कीमत दिलाने के नाम पर साइबर ठगी का शिकार हो गया।ठग ने 14 लाख रुपये दिलाने का झांसा देकर युवक से क्यूआर कोड के माध्यम से 10 हजार रुपये ट्रांसफर करा लिए।बाद में 18 हजार रुपये और मांगने पर युवक को ठगी का एहसास हुआ।

जानकारी के अनुसार गांव निवासी इंदु बिन्द पुत्र कन्हैया लाल एक बिल्डिंग मैटेरियल की दुकान पर मजदूरी करता है।उसके मोबाइल पर एक अज्ञात व्यक्ति का फोन आया।कॉल करने वाले ने दावा किया कि यदि उसके पास 786 सीरियल नंबर वाला नोट है तो उसकी कीमत 14 लाख रुपये तक मिल सकती है।युवक द्वारा ऐसे नोट के होने की जानकारी देने पर ठग ने विश्वास जीतते हुए कहा कि वह नकदी लेकर हवाई जहाज से वाराणसी आ रहा है और नोट की पूरी कीमत अदा करेगा।

कुछ देर बाद उसने वाराणसी एयरपोर्ट पर रोके जाने की बात कहकर एक कथित वीडियो भी भेजा। इसके बाद एयरपोर्ट से बाहर निकलने के नाम पर तत्काल 10 हजार रुपये एक क्यूआर कोड के जरिए भेजने का दबाव बनाया।ठग की बातों में आकर युवक बैंक पहुंचा और बैंक कर्मी के यूपीआई के माध्यम से बताए गए क्यूआर कोड पर 10 हजार रुपये ट्रांसफर करा दिए।

देर शाम तक कोई व्यक्ति रुपये लेकर नहीं पहुंचा। दोबारा संपर्क करने पर ठग ने अलग-अलग बहाने बनाते हुए 18 हजार रुपये और भेजने की मांग की। इसके बाद युवक ने पूरी घटना अपने मालिक को बताई, तब उसे एहसास हुआ कि वह साइबर ठगी का शिकार हो चुका है।पीड़ित ने लोगों से ऐसे लालच भरे फोन कॉल और ऑनलाइन लेनदेन से सावधान रहने की अपील की है।


















