NEET-UG 2026 पेपर लीक मामला: क्या है पूरा विवाद?
नई दिल्ली।
तहलका 24×7
देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET-UG 2026 एक बार फिर विवादों में आ गई है। पेपर लीक और गड़बड़ी के आरोपों के बीच केंद्र सरकार और नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने बड़ा फैसला लेते हुए 3 मई को आयोजित परीक्षा को रद्द कर दिया है। मामले की जांच अब सीबीआई को सौंप दी गई है।बताया जा रहा है कि राजस्थान में एक कथित“गेस पेपर”परीक्षा से पहले वायरल हुआ था।

जांच में सामने आया कि उस गेस पेपर के 100 से अधिक सवाल वास्तविक NEET परीक्षा से मेल खाते थे।इसके बाद राजस्थान पुलिस की स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप ने जांच शुरु की और कई राज्यों में छापेमारी की।जांच एजेंसियों ने राजस्थान,उत्तराखंड और महाराष्ट्र समेत कई राज्यों से संदिग्धों को हिरासत में लिया है।रिपोर्ट्स के मुताबिक अब तक 13 से अधिक लोगों को पूछताछ के लिए पकड़ा गया है,जिनमें कुछ कोचिंग संस्थानों से जुड़े लोग भी शामिल बताए जा रहे हैं।

शुरुआत में NTA ने पेपर लीक की खबरों को अफवाह बताते हुए खंडन करते हुए कहा था कि परीक्षा कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच कराई गई है।बाद में जांच एजेंसियों से मिले इनपुट और सवालों के मिलान के बाद परीक्षा रद्द करने का निर्णय लिया गया।इस परीक्षा में देशभर के करीब 24 लाख अभ्यर्थी शामिल हुए थे।परीक्षा रद्द होने के बाद छात्रों और अभिभावकों में भारी नाराजगी है।दिल्ली समेत कई शहरों में विरोध प्रदर्शन भी हुए।विपक्षी दलों ने मामले को लेकर केंद्र सरकार और NTA पर सवाल उठाए हैं।वहीं NTA ने कहा है कि NEET-UG 2026 दोबारा आयोजित किया जाएगा।नई परीक्षा तिथि जल्द घोषित की जाएगी और पुराने पंजीकरण मान्य रहेंगे।


















