अनियंत्रित पिकअप की चपेट में आने से बाइक सवार दो युवकों की मौत, एक गंभीर
जौनपुर।
गुलाम साबिर
तहलका 24×7
गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के धर्मापुर बाजार में देर रात तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक सवार को सामने से टक्कर मार दी। जिससे बाइक सवार दो युवक की मौके पर ही मौत हो गई। एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद पहुंची पुलिस ने घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेजते हुए मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

जलालपुर थाना क्षेत्र के मसूदपुर गांव निवासी अर्जुन चौहान अपनी बाइक से गांव के ही विनोद चौहान और महेश के साथ बीती रात लाइन बाजार थाना क्षेत्र के पंचहटिया में रिश्तेदार के यहां आयोजित बर्थडे पार्टी से लौट रहे थे। देर रात साढ़े 11 बजे बाइक जौनपुर-केराकत हाईवे स्थित धर्मापुर बाजार में पहुंची तभी विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने सामने से टक्कर मार दी।

सिर में गंभीर चोट आने के कारण अर्जुन चौहान (27) पुत्र समर एवं विनोद चौहान (33) पुत्र भरत की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं महेश चौहान (28) गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर काफी भीड़ जुट गई, लोगों ने घटना की सूचना थाना प्रभारी गौराबादशाहपुर को दी। थाना प्रभारी फूलचंद पांडेय घटनास्थल पर पहुंच घायल युवक महेश चैहान को इलाज के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। वहीं, अर्जुन और विनोद के शव को कब्जे में ले लिया।

परिजनों को सूचना देते हुए लाश को पोस्टमार्टम की कार्रवाई के लिए भिजवाया। घटना के बाद ही अज्ञात पिकअप चालक मौके से फरार हो गया।थाना प्रभारी ने बताया कि पंचहटिया से बर्थडे पार्टी से एक ही बाइक पर तीनों युवक वापस घर लौट रहे थे। अज्ञात पिकअप ने टक्कर मार दिया। परिजनों द्वारा तहरीर दी गई है। अज्ञात पिकअप चालक के विरूद्ध मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।
















