अप्रैल में ही जून जैसी गर्मी,40 जिलों में लू का अलर्ट,बारिश से राहत के संकेत
लखनऊ।
विजय आनंद वर्मा
तहलका 24×7
उत्तर प्रदेश में अप्रैल के आखिरी सप्ताह में ही भीषण गर्मी ने लोगों को परेशान कर दिया है।पूरब से पश्चिम तक लू के थपेड़ों और तेज धूप के कारण जनजीवन प्रभावित हो रहा है।दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा नजर आ रहा है।प्रयागराज में 45.7 डिग्री, अमेठी में 44.7 डिग्री और हमीरपुर में 44.2 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।

राजधानी लखनऊ में भी तापमान 43 डिग्री तक पहुंच गया, जो इस सीजन का सबसे गर्म दिन रहा।मौसम विभाग ने प्रदेश के 40 जिलों में लू चलने की चेतावनी जारी की है।हालांकि,आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 28 अप्रैल से पश्चिमी विक्षोभ के असर से मौसम में बदलाव आएगा और हल्की बूंदाबांदी की संभावना है।

इससे तापमान में 3 से 5 डिग्री तक गिरावट आ सकती है और गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले दिनों में भले ही तापमान में कमी आए,लेकिन नमी के कारण उमस बनी रह सकती है।फिलहाल लोगों को लू से बचाव के लिए सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
















