# सियासी गलियारों में चर्चा, नीति तय करने संबंधी मिल सकती है जिम्मेदारी
लखनऊ। विजय आनंद वर्मा तहलका 24×7 अपर मुख्य सचिव/प्रमुख सचिव गृह के पद से सेवानिवृत्त हुए अवनीश अवस्थी को जल्द ही प्रदेश में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिल सकती है। चर्चा है कि उन्हे नीति तय करने संबंधी जिम्मेदारी मिल सकती है। सूत्रों का कहना है कि जल्द ही इस संबंध में औपचारिक आदेश जारी कर दिए जाएंगे। हलांकि विस्तार पाने की तमाम चर्चाओं के बीच 31 अगस्त को अवनीश अवस्थी बिना विस्तार मिले सेवानिवृत्त हो गए थे।
उ.प्र. एक्सप्रेसवेज इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट अथॉरिटी (यूपीडा) समेत उनके सभी विभागों का कार्यभार प्रमुख सचिव, मुख्यमंत्री व सूचना संजय प्रसाद को सौंप दिया गया। अवनीश अवस्थी के पास गृह के अलावा गोपन, वीजा- पासपोर्ट, जेल प्रशासन एवं सुधार, सतर्कता विभाग, धर्मार्थ कार्य विभाग की जिम्मेदारी थी। वह यूपीडा व उप्र. स्टेट हाईवेज अथॉरिटी (उपशा) के सीईओ और डीजी जेल भी थे।
ऊर्जा विभाग का अतिरिक्त चार्ज भी उनके पास था। अवनीश अवस्थी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के काफी भरोसेमंद और सबसे पावरफुल ब्यूरोक्रेट रहे हैं। वे 1984 के बाद सबसे लंबे समय तीन वर्ष एक माह तक गृह विभाग का मुखिया रहने का रिकॉर्ड बना गए। उनका कार्यकाल एक अगस्त, 2019 से 31 अगस्त, 2022 तक रहा। इससे पहले आरसी टकरू का कार्यकाल नवंबर 1980 से मार्च 1984 तक का था।
अवनीश अवस्थी के सेवानिवृत्त के बाद उनके सम्मान में पुलिस विभाग की ओर से भी विदाई सम्मान समारोह का आयोजन किया था। लखनऊ के सप्रू मार्ग स्थित पुलिस ऑफिसर्स मेस में अवस्थी के सम्मान में कार्यवाहक डीजीपी देवेंद्र सिंह चौहान की ओर से यह आयोजन किया गया। इसमें राजधानी लखनऊ में नियुक्त तमाम बड़े पुलिस अधिकारियों से लेकर एडीजी स्तर तक के अधिकारियों को आमंत्रित किया गया था।