आम खाने के बाद बिगड़ी तबीयत, दो बहनों की मौत,जांच में जुटी पुलिस
हैदराबाद।
तहलका 24×7
शहर के नारायणगुडा थाना क्षेत्र में आम खाने के बाद एक ही परिवार के कई सदस्यों के बीमार पड़ने और दो सगी बहनों की मौत होने से सनसनी फैल गई है।पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की गहन पड़ताल की जा रही है।

पुलिस के अनुसार,मूल रुप से कर्नाटक के बीदर की रहने वाली इंदुमती अपनी पांच बेटियों के साथ नारायणगुडा क्षेत्र के विट्ठलवाड़ी में रहती हैं,जबकि उनके पति बीदर में रहते हैं।बताया गया कि चार दिन पहले उनकी रिश्तेदार रेणुका घर आई थीं और अपने साथ आम लेकर आई थीं।परिवार के सभी सदस्यों ने आम खाया।अगले दिन इंदुमती और उनकी बेटियों को तेज उल्टी की शिकायत होने लगी।हालत बिगड़ने पर सभी को काचीगुडा स्थित एक अस्पताल में भर्ती कराया गया।

इलाज के दौरान 17 वर्षीय भुवनेश्वरी की मौत हो गई।इसके बाद परिवार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई कि आम खाने के बाद सभी की तबीयत बिगड़ी थी।परिवार अभी पहली बेटी की मौत के सदमे से उबर भी नहीं पाया था कि अगले दिन 10 वर्षीय संध्यारानी ने भी दम तोड़ दिया।वहीं परिवार की एक अन्य बेटी का अस्पताल में इलाज जारी है।नारायणगुडा पुलिस ने मामले की जांच शुरु कर दी है।

पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि परिवार के सदस्यों की तबीयत आखिर किस कारण से बिगड़ी। मामले को गंभीरता से लेते हुए हैदराबाद सिटी पुलिस कमिश्नर ने अधिकारियों को मृतक बच्चियों के विसरा नमूने सुरक्षित रखने तथा चिकित्सा विशेषज्ञों की राय लेने के निर्देश दिए हैं।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और चिकित्सकीय जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। फिलहाल सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।


















