ईद-उल-अजहा को लेकर शांति समिति की बैठक सम्पन्न
# सुरक्षा,साफ-सफाई और कानून व्यवस्था पर प्रशासन सख्त,नई परंपरा पर रोक
जौनपुर।
गुलाम साबिर
तहलका 24×7
आगामी ईद-उल-अजहा पर्व को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट सभागार में जिला शांति समिति की बैठक आयोजित की गई।बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. ने की।इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था,साफ-सफाई, पेयजल,विद्युत आपूर्ति और कानून व्यवस्था संबंधी तैयारियों की समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि पर्व के दौरान सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कर ली जाएं,जिससे लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।उन्होंने नगर निकायों को साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने और वेस्टेज का उचित निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।वहीं विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति तथा जल संस्थान को सुचारु पेयजल व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।उन्होंने कहा ईद-उल-अजहा का पर्व आपसी सौहार्द और भाईचारे के साथ मनाया जाए।

सभी सीओ और एसडीएम को अपने-अपने क्षेत्रों में शांति समिति की बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए गए।जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि कोई नई परंपरा शुरु नहीं की जाएगी तथा प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी।सोशल मीडिया पर भ्रामक या आपत्तिजनक पोस्ट प्रसारित करने वालों पर निगरानी रखने के निर्देश देते हुए उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष चौकसी बरतने को कहा।साथ ही पुलिस और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने पर जोर दिया।

त्यौहार के दौरान अग्निशमन विभाग को भी अलर्ट मोड में रखने के निर्देश दिए गए।पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने कहा कि पुलिस विभाग द्वारा सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।उन्होंने नागरिकों से अपील की कि किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तत्काल स्थानीय थाना या वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दें।बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया,अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) परमानंद झा,मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अंबष्ट,नगर मजिस्ट्रेट,पुलिस विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी तथा शांति समिति के सदस्य मौजूद रहे।

















