उद्धव और राज ठाकरे एक साथ लड़ेंगे बीएमसी चुनाव

उद्धव और राज ठाकरे एक साथ लड़ेंगे बीएमसी चुनाव

# बोले-मुंबई का मेयर हमारा होगा

मुंबई।
तहलका 24×7 
               शिवसेना (यूबीटी) और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना ने 15 जनवरी को होने वाले बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) चुनाव एक साथ लड़ने का ऐलान किया है। शिवसेना अध्यक्ष उद्धव ठाकरे और मनसे प्रमुख राज ठाकरे ने गठबंधन की घोषणा की। इस मौके पर उद्धव ठाकरे ने कहा कि हम दोनों भाई एक साथ हैं। राज ठाकरे ने दावा किया कि हम बीएमसी चुनाव में जीतेंगे और इस बार मुंबई का मेयर मराठी होगा।
राज के साथ एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में उद्धव ने कहा कि दोनों पार्टियां साथ रहने के लिए एक साथ आई हैं। हालांकि राज ठाकरे ने बीएमसी चुनावों के लिए दोनों पार्टियों के बीच सीट बंटवारे की जानकारी साझा नहीं की। उन्होंने कहा मुंबई का मेयर मराठी होगा और हमारा होगा। उद्धव ने कहा कि दोनों पार्टियों ने नासिक नगर निगम के लिए सीट बंटवारे को अंतिम रुप दे दिया है, जहां 15 जनवरी को चुनाव होने हैं।
साथ ही मुंबई और राज्य के 27 अन्य नगर निगमों के लिए भी कहा कि अन्य नगर निगमों में दोनों पार्टियों के बीच गठबंधन के लिए बातचीत चल रही है। उद्धव ने कहा, जो लोग बीजेपी में हो रही घटनाओं को बर्दाश्त नहीं कर सकते, वे भी हमारे साथ आ सकते हैं।इससे पहले ठाकरे बंधुओं ने अपनी पत्नियों के साथ मुंबई के शिवाजी पार्क में शिवसेना संस्थापक बालासाहेब ठाकरे को श्रद्धांजलि दी।
श्रद्धांजलि के दौरान शिवसेना (यूबीटी) नेता आदित्य ठाकरे और मनसे नेता अमित ठाकरे भी मौजूद रहे। शिवसेना और मनसे के बीच गठबंधन पर संजय राउत ने कहा, राजनीति में नंबर शेयर करना एक बिजनेस है। यहां, भाइयों के बीच कोई बिजनेस नहीं है, यह एक परिवार है। हमने कांग्रेस से कई बार कहा है कि अगर हमें बीजेपी को हराना है, तो हमें एक साथ आना होगा। शिवसेना (यूबीटी) के सांसद अनिल देसाई ने कहा, यह बहुत अच्छी बात है और मुंबई और महाराष्ट्र के लोगों के लिए खुशी का मौका है।
शिवसेना सांसद अरविंद सावंत ने कहा, यह बहुत ही शुभ पल है और महाराष्ट्र के लोग इस पल का इंतजार कर रहे थे। मुंबई अपने अंदर सभी को समाहित करती है। हमने कभी जाति या किसी का धर्म नहीं देखा। हमने हमेशा मराठियों और धरतीपुत्रों के बारे में बात की है। शिवसेना नेता आनंद दुबे ने कहा आज एक ऐतिहासिक दिन है, जहां दोनों ठाकरे भाई मुंबई को बचाने के लिए एक साथ, एक मंच पर आ रहे हैं।
जिस तरह से लोग मुंबई को लूटना चाहते हैं, इसे अपने पास गिरवी रखना चाहते हैं, उसके खिलाफ हम एक जन आंदोलन शुरू करना चाहते हैं। मुंबई के लोग चाहते हैं कि दोनों ठाकरे भाई एक साथ आएं, हमें पूरा भरोसा है कि आने वाले समय में मुंबई के साथ 28 अन्य नगर निगमों में भी शिवसेना और मनसे की मजबूत सरकार की गूंज सुनाई देगी।
Previous articleशिक्षा के साथ संस्कार में पालें नौनिहालों को: डॉ. विश्व प्रकाश
Next articleक्रिसमस पर कॉलेज में सजी झांकी 
Tahalka24x7
तहलका24x7 की मुहिम... "सांसे हो रही है कम, आओ मिलकर पेड़ लगाएं हम" से जुड़े और पर्यावरण संतुलन के लिए एक पौधा अवश्य लगाएं..... ?