एयरपोर्ट बाउंड्री की नींव में मिला निर्वस्त्र युवक का शव,पहचान में जुटी पुलिस
पिंडरा, वाराणसी।
नितेश गुप्ता
तहलका 24×7
बाबतपुर स्थित एयरपोर्ट के विस्तारीकरण कार्य के दौरान रविवार को नई बाउंड्रीवाल की नींव से एक अज्ञात युवक का निर्वस्त्र शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।सूचना पर पहुंची फूलपुर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और उसकी शिनाख्त कराने के प्रयास शुरु कर दिया है।

जानकारी के अनुसार,फूलपुर थाना क्षेत्र के करमी गांव के पास एयरपोर्ट विस्तार परियोजना के तहत एक स्कूल के समीप नई बाउंड्रीवाल की नींव की खुदाई चल रही थी।इसी दौरान मजदूरों को नींव में एक युवक का शव दिखाई दिया।शव मिलने की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।पुलिस के अनुसार,शव करीब दो से तीन दिन पुराना प्रतीत हो रहा है।मृतक की उम्र और पहचान का अभी तक पता नहीं चल सका है।

शव निर्वस्त्र अवस्था में मिलने से कई तरह की आशंकाएं जताई जा रही हैं।हालांकि,मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
प्रभारी निरीक्षक राजीव सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मृतक मजदूर जैसा प्रतीत होता है।एयरपोर्ट पर नया टर्मिनल भवन निर्माण कार्य में लगी कंपनी के कर्मचारियों और मजदूरों से भी शव की पहचान कराने का प्रयास किया गया,लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। पुलिस आसपास के थानों से गुमशुदगी के मामलों का भी मिलान कर रही है और सभी पहलुओं पर जांच जारी है।

















