एसआईआर अभियान: 3 लाख 19 हजार से अधिक मतदाताओं के नाम हटाए गए
उन्नाव।
तहलका 24×7
जिले में जारी एसआईआर अभियान के तहत अब तक 3 लाख 19 हजार से ज्यादा मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए गए। कैंपेन के दौरान 3.19 लाख से अधिक एएसडी वोटर्स मिले, जिनका नाम लिस्ट से हटाया गया। अब तक एसआईआर का करीब 98.34 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है।एडीएम उन्नाव सुशील कुमार गोंड ने बताया कि अभियान जिले में चल रहा है।

इसका मुख्य उद्देश्य बिना किसी दबाव या चूक के मतदाता सूची को शुद्ध करना है। उन्होंने कहा अब तक कुल 16.32 प्रतिशत एएसडी वोटर्स की पुष्टि की जा चुकी है। इसके आधार पर अनुपस्थित, स्थानांतरित और मृत लोगों के नाम सूची से हटाए गए हैं। यह प्रक्रिया संवेदनशील और जिम्मेदारी वाली है, क्योंकि इसमें यह सुनिश्चित करना है कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम गलती से भी न हटे।

एडीएम ने बताया कि हर एएसडी वोटर का व्यक्तिगत सत्यापन कराया जा रहा है। इस सत्यापन कार्य में बीएलओ के साथ बूथ लेवल एजेंट्स की भी मदद ली जा रही है। संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि प्रत्येक बूथ क्षेत्र में जाकर वास्तविक स्थिति का पता लगाया जाए, जिससे त्रुटि की संभावना न रहे। सत्यापन के बाद जो सूची तैयार होगी, वह बीएलओ के साथ-साथ बूथ लेवल एजेंटों को भी उपलब्ध कराई जाएगी। ताकि वह भी अपने स्तर पर किसी भी त्रुटि को पकड़ सकें।

अभियान के तहत 12 दिसंबर को जिले भर में विशेष अभियान चलाया जाएगा। सभी जनप्रतिनिधियों को भी जानकारी दी जाएगी।एडीएम सुशील कुमार गोंड ने कहा कि गांवों और वार्ड प्रतिनिधि अपने क्षेत्र में यह सुनिश्चित करें कि कोई भी पात्र मतदाता सूची से छूट न जाए।साथ ही कोई अपात्र व्यक्ति मतदाता सूची में बना न रहे।

एडीएम ने यह भी स्पष्ट किया कि मतदाता सूची में संशोधन का काम पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ किया जा रहा है।लोगों से भी अपील की गई है कि अगर किसी पात्र मतदाता का नाम सूची में शामिल नहीं है, तो वह फार्म-6 भरकर नाम जुड़वा सकता है। यदि किसी अपात्र या मृत व्यक्ति का नाम अभी भी सूची में है तो उसकी सूचना भी संबंधित बीएलओ या निर्वाचन कार्यालय को दी जा सकती है।
















