एसी ब्लास्ट हादसे में गंगोह के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी धनेन्द्र कुमार गर्ग का निधन
सहारनपुर।
तहलका 24×7
गंगोह नगर के पहले आईएएस अधिकारी एवं 1967 बैच के हरियाणा कैडर के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी धनेन्द्र कुमार गर्ग का दिल्ली में हुए हादसे के बाद निधन हो गया।उनके निधन की खबर से गंगोह क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।बताया गया कि दिल्ली के हौज खास स्थित उनके आवास पर देर रात एसी फटने से हादसा हो गया,जिसमें धनेन्द्र कुमार गर्ग और उनकी पत्नी गंभीर रुप से झुलस गए।

दोनों को तत्काल एम्स में भर्ती कराया गया,जहां उपचार के दौरान शुक्रवार सुबह करीब 6:30 बजे धनेन्द्र कुमार गर्ग ने अंतिम सांस ली।उनकी पत्नी की हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।धनेन्द्र कुमार गर्ग अपने प्रशासनिक जीवन में हरियाणा के मुख्य सचिव, सीसीआई चेयरमैन,एनएचएआई चेयरमैन,टेलीकॉम सचिव,जीएसटी चेयरमैन और एक्साइज कमिश्नर समेत कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया।

वह विश्व बैंक में एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर भी रहे।गंगोह क्षेत्र के विकास में उनका महत्वपूर्ण योगदान माना जाता है।उनके प्रयासों से चंडीगढ़-मेरठ बस सेवा और करनाल-बिडौली मार्ग जैसी सुविधाएं क्षेत्र को मिलीं। नगरवासी उन्हें उनकी सादगी,विनम्रता और मिलनसार व्यक्तित्व के लिए हमेशा याद करेंगे।

















