ऑनलाइन साइबर ठगी गिरोह के तीन सदस्य गिरफ्तार,92 हजार नकद व 10 फर्जी आधार कार्ड बरामद
जौनपुर।
एखलाक खान
तहलका 24×7
साइबर क्राइम थाना व साइबर सेल पुलिस ने ऑनलाइन साइबर ठगी करने वाले संगठित गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया।आरोपियों के कब्जे से 92 हजार रुपए नकद,10 फर्जी आधार कार्ड और दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।गिरोह का सरगना अभी फरार है,जिसकी तलाश में पुलिस जुटी है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुँवर अनुपम सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।पुलिस के अनुसार,मुखबिर से सूचना मिली कि गिरोह के सदस्य पुलिस की सक्रियता के चलते जनपद छोड़कर भागने की फिराक में हैं।सूचना के आधार पर साइबर क्राइम थाना पुलिस ने सिटी रेलवे स्टेशन ओवरब्रिज के नीचे घेराबंदी कर गुरुवार सुबह करीब 6:10 बजे तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

आरोपियों की पहचान गुलशन सोनी निवासी राजेपुर कजगांव,थाना जफराबाद,सूरज उपाध्याय निवासी हुसैनाबाद न्यू कॉलोनी थाना लाइन बाजार व अमन सिंह निवासी उमरपुर हरिबंधनपुर थाना कोतवाली के रुप में हुई।पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे दीपेश उर्फ दीपु विश्वकर्मा निवासी छत्तीसा खुर्द,थाना नेवढ़िया द्वारा संचालित साइबर ठगी गिरोह के सदस्य हैं।गिरोह ऑनलाइन ठगी से प्राप्त रकम को विभिन्न लोगों के बैंक खातों में मंगवाता था।

इसके बाद आरोपी एटीएम से नकदी निकालकर 80 प्रतिशत हिस्सा सरगना को और 20 प्रतिशत हिस्सा आपस में बांट लेते थे।पुलिस के अनुसार,गिरोह बैंक खाते खुलवाने और अपनी पहचान छिपाने के लिए फर्जी आधार कार्ड तैयार कर उनका इस्तेमाल करता था। पुलिस कार्रवाई की भनक लगने पर सरगना दीपेश फरार हो गया।

पुलिस ने बताया कि गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान हो चुकी है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।साइबर क्राइम टीम ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति को अपना बैंक खाता,एटीएम कार्ड,मोबाइल नंबर,ओटीपी या पहचान पत्र उपयोग के लिए न दें।किसी भी साइबर ठगी की स्थिति में तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 या www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं।


















