कच्ची दीवार ढही,मलबे में दबकर मां-बेटी की मौत
शाहगंज,जौनपुर।
एखलाक खान
तहलका 24×7
क्षेत्र के राजापुर सहावें गांव में बुधवार दोपहर रिहायशी छप्पर व मिट्टी की दीवार अचानक भरभराकर ढह गई।मलबे में दबकर मां-बेटी की मौत हो गई।जबकि दूसरी बेटी कोमल ने मौके से भागकर अपनी जान बचा ली।घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।गांव निवासी बिंदु राजभर मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं।

बुधवार दोपहर को वह घर के बाहर बैठे थे।इसी दौरान मिट्टी की दीवार पर रखा रिहायशी छप्पर अचानक ढह गया।इसकी चपेट में आने से उनकी पत्नी ज्ञानती देवी (46) और पुत्री अंब्रिका (12) मलबे में दब गईं।अंब्रिका गांव स्थित विद्यालय में कक्षा छह की छात्रा थी।दीवार गिरने के समय अंब्रिका की बहन कोमल भी पास में मौजूद थी।हादसा होते ही वह भाग निकली,जिससे उसकी जान बच गई।दीवार गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आनन-फानन मलबा हटाकर मां-बेटी को बाहर निकाला।

दोनों को उपचार के लिए पुरुष चिकित्सालय ले जाया गया,जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।पत्नी और बेटी की मौत से बिंदु राजभर का रो-रोकर बुरा हाल है।सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।पुलिस विधिक कार्रवाई करते हुए घटना की जांच में जुटी है।


















