कर्बला के शहीदों की याद में निकला 10वीं मोहर्रम का जुलूस, गूंजी या हुसैन की सदा
# गमगीन माहौल और कड़ी सुरक्षा के बीच शांतिपूर्वक संपन्न हुआ जुलूस
सुइथाकला, जौनपुर।
राजेश चौबे
तहलका 24×7
मोहर्रम की दसवीं (आशूरा) पर शुक्रवार को क्षेत्र में कर्बला के शहीदों की याद में अकीदत और गम के साथ ताजियों का जुलूस निकाला गया।”या हुसैन, मौला हुसैन” की सदाओं से पूरा इलाका गूंज उठा।बड़ी संख्या में अकीदतमंदों ने जुलूस में शामिल होकर हजरत इमाम हुसैन और उनके साथियों की शहादत को श्रद्धापूर्वक याद किया।क्षेत्र के खानबड़ेपुर,हमजापुर,
सरायमोहिउद्दीनपुर,जंगीपुर,रामनगर और डकहा सहित कई गांवों से ताजिए उठाए गए।

जुलूस में युवाओं के साथ बच्चे,बुजुर्ग और महिलाएं भी शामिल रहीं।खानबड़ेपुर और हमजापुर में ताजिए का जुलूस मेहंदी हसन के आवास से प्रारंभ होकर मोहम्मद हसन तनवीर के इमामबाड़े से होते हुए कर्बला पहुंचा।जुलूस से पूर्व मौलाना शौकत और हैदर ने मजलिस को संबोधित करते हुए कर्बला में हजरत इमाम हुसैन की कुर्बानी और इंसानियत के लिए उनके संदेश पर प्रकाश डाला।उन्होंने कहा कि कर्बला का पैगाम सत्य,न्याय और अत्याचार के खिलाफ डटकर खड़े रहने की प्रेरणा देता है।

जुलूस के दौरान रास्ते भर अकीदतमंदों ने ताजियों पर लोबान और अगरबत्ती पेश कर सलामती,अमन और खुशहाली की दुआएं मांगीं।कर्बला पहुंचने के बाद ताजियों को सुपुर्द-ए-खाक किया गया तथा मौलानाओं के नेतृत्व में फातिहा पढ़ी गई।मोहर्रम के मद्देनजर पूरे क्षेत्र में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। क्षेत्राधिकारी गिरेन्द्र कुमार सिंह के नेतृत्व में भारी पुलिस बल तैनात रहा।पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी पूरे समय जुलूस मार्ग पर निगरानी बनाए रहे।प्रशासन की सतर्कता और लोगों के सहयोग से मोहर्रम का जुलूस पूरी तरह शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।


















