कोचिंग शिक्षक पर नाबालिग छात्रा से दुष्कर्म का आरोप, पॉक्सो एक्ट में गिरफ्तार
लखनऊ।
विजय आनंद वर्मा
तहलका 24×7
राजधानी लखनऊ के तालकटोरा थाना क्षेत्र में गुरु-शिष्य के रिश्ते को कलंकित करने वाला मामला सामने आया है।राजाजीपुरम स्थित एक कोचिंग संस्थान के शिक्षक पर 14 वर्षीय छात्रा के साथ दुष्कर्म और लंबे समय तक यौन शोषण करने का आरोप लगा है।पुलिस ने पीड़िता की मां की तहरीर पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार,आरोपी की पहचान विवेक तिवारी (30) के रुप में हुई,जो राजाजीपुरम स्थित ‘निखिल क्लासेस’ में शिक्षक था।आरोप है कि उसने कक्षा नौ की छात्रा को डरा धमका और बहला-फुसलाकर करीब एक वर्ष तक उसका यौन शोषण किया।पीड़िता की मां की शिकायत के मुताबिक,आरोपी सोशल मीडिया के माध्यम से छात्रा से अश्लील बातचीत करता था।वह कथित तौर पर छात्रा को ब्लैकमेल कर लगातार धमकियां भी देता रहा,जिससे वह भय के कारण किसी को घटना की जानकारी नहीं दे सकी।

मामला उजागर होने पर पीड़िता की मां ने तालकटोरा थाने में शिकायत दर्ज कराई।पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म और पॉक्सो अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।


















