क्षेत्र पंचायत की बैठक में तीन करोड़ के प्रस्ताव पर लगी मुहर
# ब्लाक प्रमुख ने विकास कार्यों में तेजी लाने पर जोर देते हुए समस्याओं को दूर करने का सदन को भरोसा दिलाया
खेतासराय, जौनपुर।
अजीम सिद्दीकी
तहलका 24×7
शाहगंज ब्लाक के सोंधी स्थित सभागार में सोमवार को क्षेत्र पंचायत की बैठक का आयोजन किया गया। जिसमें तीन करोड़ रुपए से कार्य कराए जाने वाले विकास कार्य सर्वसम्मति से पारित किए गए।बैठक की अध्यक्षता कर रहीं ब्लाक प्रमुख मंजू सिंह ने विकास कार्यों को कराए जाने पर जोर दिया। सदन को भरोसा दिलाया कि जो भी समस्याएं हैं उसे पूरा करने की कोशिश की जाएगी।

इससे पहले पिछली कार्यवाही पर चर्चा हुई। नए प्रस्ताव को एजेंडे में शामिल किया गया। वर्ष 2025-26 के सभी विकास कार्यों की कार्य योजना पर विचार कर अनुमोदन किया गया। चर्चा के दौरान ग्राम प्रधानों ने आंगनबाड़ी केंद्रों पर पुष्टाहार और राशन वितरण में धांधली का आरोप लगाया। सीडीपीओ सुरेश कुमार यादव ने सफाई दी तो ग्राम प्रधानों ने विरोध जताया।

बीडीओ पीयूष त्रिपाठी ने प्रधानों को शांत कराते हुए वितरण कार्य ग्राम प्रधानों की मौजूदगी में कराने का सीडीपीओ को निर्देश दिया। सप्लाई विभाग से किसी भी अधिकारी या कर्मचारी के मीटिंग में उपस्थिति न होने पर सदस्यों और प्रधानों की मांग पर बीडीओ ने उच्चाधिकारियों को शिकायत भेजने का आश्वासन दिया। प्रमुख प्रतिनिधि अजय सिंह ने चार साल का साथ बेमिसाल बताया। कहा कि गत पंचवर्षीय योजनाओं की तुलना में वर्तमान पंचवर्षीय योजना में अधिक कार्य हुआ।संचालन कमलाकांत मौर्या ने किया।

बैठक में एडीओ पंचायत रमेश कुमार यादव, प्रधान संघ अध्यक्ष अशोक कुमार, प्रभारी चिकित्साधिकारी डा. सूर्य प्रकाश यादव, चिकित्साधिकारी डॉ. मसूद अहमद खान, शिवमूर्ति यादव, संजय यादव, कृपाशंकर राजभर, त्रिलोकी नाथ बिंद, संदीप द्विवेदी, एडीओ आइएसबी प्रमोद कुमार सिंह, सचिव विनोद कुमार यादव, रिंकू सिंह, अल्ताफ अहमद, रहमान मन्नू, विजय कश्यफ, सफर शेख, अवधेस तिवारी आदि मौजूद रहे।

# बैठक से नदारत रहे आधा दर्जन विभागों के अधिकारी
क्षेत्र पंचायत की बैठक में आधा दर्जन विभाग के जिम्मेदार नही पहुंचे। जबकि बैठ की सूचना से पूर्व में अवगत करा दिया गया था। बावजूद इसके आपूर्ति विभाग, शिक्षा विभाग, पेयजल मिशन, खेलकूद, बिजली विभाग, पशुपालन, विभाग के जिम्मेदार बैठक से नदारद रहे। इन विभाग की प्रगति पर सदन में चर्चा नही हो पाई और उनके विभाग में चल रही योजनाओं की जानकारी सदन को नही हो पाई, न ही इन विभाग की समस्या का समाधान हो सका।

इस सम्बंध में खण्ड विकास अधिकारी पीयुष त्रिपाठी ने कहा विभाग के जिम्मेदारों से पत्राचार किया जाएगा, स्पष्टीकरण मांगा जाएगा।
















