घर में पंखे से लटका मिला युवक का शव, मचा कोहराम
# फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य, पारिवारिक विवाद बना आत्महत्या की वजह
खेतासराय, जौनपुर।
डॉ. सुरेश कुमार
तहलका 24×7
क्षेत्र के गोरारी खलीलपुर गांव में गुरुवार सुबह एक युवक का शव घर के अंदर पंखे से लटकता मिलने से सनसनी फैल गई।सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है।जानकारी के अनुसार गोरारी खलीलपुर निवासी मोहनलाल राजभर (40) पुत्र स्वर्गीय नंदलाल राजभर बुधवार रात भोजन के बाद अपने कमरे में सोने चले गए।

बताया जाता है कि उन्होंने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया था।गुरुवार सुबह काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर परिजनों को चिंता हुई।कई बार आवाज देने के बावजूद अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। अनहोनी की आशंका होने पर ग्रामीण छत के रास्ते घर के ऊपर पहुंचे और रोशनदान से अंदर झांका तो कमरे के भीतर मोहनलाल का शव पंखे के सहारे फंदे से लटकता देख सभी के होश उड़ गए।घटना की खबर मिलते ही गांव में लोगों की भीड़ जुट गई।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरु की। पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया,जिसने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य संकलित किए।ग्रामीणों के मुताबिक मृतक का अपनी पत्नी किरन से लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था।पत्नी मायके में रह रही है,जो काफी समय से ससुराल नहीं लौट रही थी। बताया जा रहा है कि इसी वजह से मोहनलाल मानसिक तनाव में थे।

आशंका जताई जा रही है कि पारिवारिक कलह से परेशान होकर उन्होंने आत्मघाती कदम उठाया।थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है।हालांकि सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है।पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।


















