चकमार्ग के लिए टावर पर चढ़ा किसान
# तीन घंटे के हाईवोल्टेज ड्रामे के बाद शुरु हुआ निर्माण तो उतरा नीचे
खुटहन,जौनपुर।
मुलायम सोनी
तहलका 24×7
शेख असरफपुर गांव में चकमार्ग निर्माण की मांग को लेकर एक किसान गुरुवार को मोबाइल टावर पर चढ़ गया।उसने चेतावनी दी कि यदि उसी दिन चकमार्ग का निर्माण कार्य शुरु नहीं कराया गया तो वह टावर से कूदकर जान दे देगा।घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया।

गांव निवासी सतीश कुमार यादव का आरोप है कि गांव के मुख्य मार्ग से जुड़ा करीब 400 मीटर लंबा चकमार्ग राजस्व अभिलेखों में दर्ज है,लेकिन आसपास के कुछ चकदारों ने उसे जोतकर अपने खेतों में मिला लिया। सतीश का कहना है कि वह पिछले एक वर्ष से चकमार्ग खाली कराने के लिए ब्लाक मुख्यालय से लेकर तहसील तक अधिकारियों के चक्कर लगाता रहा,लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

आरोप है कि राजस्व कर्मियों ने कई बार आश्वासन दिया,पर मौके पर मापी नहीं की गई।गुरुवार सुबह करीब सात बजे सतीश नहर के पास स्थित मोबाइल टावर पर लगभग 50 फीट ऊपर चढ़ गया।सूचना मिलते ही एसडीएम कुणाल गौरव,क्षेत्राधिकारी गिरेंद्र सिंह, नायब तहसीलदार,लेखपाल,पुलिस बल और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई।

फायर ब्रिगेड कर्मियों ने सुरक्षा के लिए टावर के नीचे जाल और गद्दे बिछा दिए।करीब तीन घंटे तक चले हाईवोल्टेज ड्रामे के बाद प्रशासन ने चकमार्ग की पैमाइश कराकर जेसीबी से निर्माण कार्य शुरु कराया। इसके बाद सतीश टावर से नीचे उतर आया।किसान के सुरक्षित नीचे आने पर प्रशासन ने राहत की सांस ली।


















