छात्रों पर बल प्रयोग से बचें, उनकी चिंताओं का समाधान निकाला जाए: डॉ.मुरली मनोहर जोशी
नई दिल्ली।
तहलका 24×7
भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ.मुरली मनोहर जोशी ने देशभर से दिल्ली पहुंचे छात्र-छात्राओं के चल रहे आंदोलन पर चिंता व्यक्त करते हुए सरकार से उनकी मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने की अपील की है।सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म’एक्स’पर किए गए अपने पोस्ट में डॉ. जोशी ने कहा कि देश के विभिन्न हिस्सों से आए युवा छात्र कई दिनों से दिल्ली की सड़कों पर डटे हुए हैं।

परीक्षा व्यवस्था को लेकर उनकी चिंताएं और आशंकाएं वास्तविक हैं तथा उनका समाधान संवेदनशीलता और स्थायी दृष्टिकोण के साथ किया जाना चाहिए।उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले को केवल कानून-व्यवस्था का मुद्दा मानकर बल प्रयोग के जरिए निपटाने की कोशिश नहीं की जानी चाहिए।डॉ.जोशी ने विशेष रुप से छात्राओं के साथ कथित दुर्व्यवहार और बल प्रयोग पर दुख जताते हुए कहा कि यह अत्यंत पीड़ादायक है।

पूर्व केंद्रीय मंत्री ने चेतावनी देते हुए कहा कि छात्रों पर अत्यधिक बल प्रयोग भारतीय समाज के बड़े वर्ग को ‘विकसित भारत’के राष्ट्रीय लक्ष्य से दूर कर सकता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार छात्रों की भावनाओं को समझते हुए संवाद और सकारात्मक समाधान का रास्ता अपनाएगी।डॉ.जोशी का यह बयान ऐसे समय आया है,जब परीक्षा व्यवस्था और उससे जुड़े मुद्दों को लेकर छात्रों का आंदोलन राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा का विषय बना हुआ है।उनके इस बयान को छात्रों के प्रति सहानुभूति और शांतिपूर्ण समाधान की अपील के रुप में देखा जा रहा है।


















