जमीन विवाद में महिला से छेड़छाड़ व धमकी का आरोप,कोतवाली में तहरीर
शाहगंज,जौनपुर।
एखलाक खान
तहलका 24×7
नगर के भटियारी सराय मोहल्ला निवासी एक महिला ने जमीन विवाद को लेकर दो लोगों पर छेड़छाड़,मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।पीड़िता ने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।तहरीर के अनुसार,भटियारी सराय निवासी नसीमा का चिरैयामोड़ स्थित भूमि को लेकर विवाद न्यायालय में विचाराधीन है।

आरोप है कि इसी विवाद को लेकर संबंधित पक्ष के लोग आए दिन विवाद उत्पन्न करते रहते हैं।महिला का कहना है कि कुछ दिन पूर्व उसके परिसर में जबरन बिजली मीटर लगाने का प्रयास किया गया,जिस पर पुलिस को सूचना दी गई थी।महिला ने आरोप लगाया कि 16 जून को एक निजी लाइनमैन बिना किसी सक्षम अधिकारी के आदेश के बिजली का तार जोड़ने पहुंचा।इसकी जानकारी मिलने पर वह मौके पर पहुंची तो वहां मौजूद दो लोगों ने उसके साथ अभद्रता की।

आरोप है कि विरोध करने पर उसे पकड़कर छेड़छाड़ की गई तथा जान से मारने की धमकी दी गई।शोर मचाने पर आरोपित वहां से भाग निकले और बाद में स्वयं को बचाने के लिए झूठे आरोप लगाने लगे।पीड़िता ने घटना की सूचना डायल 112 पर देने के साथ ही कोतवाली में तहरीर देकर आरोपितों के खिलाफ छेड़छाड़ एवं धमकी सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।पुलिस का कहना है कि प्राप्त तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।जांच के बाद आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।


















