जौनपुर : 3129 मत पाकर प्रिंशु ने दर्ज की एतिहासिक जीत
# पूर्व सांसद धनंजय सिंह के खेमे में कायम रही एमएलसी की सीट
# सपा प्रत्याशी डॉ मनोज यादव को मिले महज 772 मत
जौनपुर। विश्व प्रकाश श्रीवास्तव तहलका 24×7 उत्तर प्रदेश में विधान परिषद चुनाव के नतीजे घोषित किए जा रहे हैं। जौनपुर में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने रिकार्ड मतों जीत हासिल कर ली है। आखिरकार पूर्व सांसद धनंजय सिंह के खेमे में एमएलसी की सीट यथावत बनी रही। पूर्व सांसद के बेहद करीबी और भाजपा प्रत्याशी बृजेश सिंह प्रिंशु 3129 वोट पाकर जीत दर्ज की है। उनके प्रतिद्वन्दी सपा के डॉ मनोज यादव को 772 मत मिले। निर्दलीय प्रत्याशी भानु प्रकाश को मात्र 8 मत मिले हैं जबकि 51 मत अवैध हुए। हालांकि, अभी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।
पूर्वांचल के चर्चित बाहुबलियों में शामिल धनंजय सिंह के सबसे करीबी नेताओं में बृजेश सिंह प्रिंशु की गिनती होती है। धनंजय की तरह प्रिंशु भी बहुजन समाज पार्टी में रहे। 2016 में हुए एमएलसी चुनाव में बृजेश सिंह प्रिंशु ने बसपा उम्मीदवार के तौर पर भाजपा के सतीश कुमार सिंह को हराकर जीत दर्ज की थी। उस चुनाव में बृजेश सिंह को 1765 वोट मिले थे। बाद में प्रिंशु ने बसपा छोड़ दी थी।
पूर्व सांसद धनंजय सिंह की फरारी के दौरान उनकी पत्नी श्रीकला सिंह रेड्डी ने जिला पंचायत अध्यक्ष की जंग लड़ी जिसकी बागडोर पूरे तन्मयता से प्रिंशु ने सम्भाली। नामांकन से लेकर जीत हासिल करने तक हर कदम पर प्रिंशु का साथ रहा। प्रिंशु निर्वतमान एमएलसी भी हैं। पिछली बार बसपा के टिकट पर चुने गए थे। इस बार उन्होंने निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर पर्चा खरीदा था लेकिन समय की मांग को देखते हुए भाजपा ने उन्हें अपना उम्मीदवार बना लिया और प्रिंशू ने एतिहासिक जीत हासिल कर जिले की राजनीति के नये अध्याय की शुरुआत की जिसमें परोक्ष रूप से पूर्व सांसद धनंजय सिंह की सहभागिता रहेगी।