जौनपुर : खतरों के साये में नौनिहाल… सरकारी स्कूल के ऊपर  है हाईटेंशन तार 

जौनपुर : खतरों के साये में नौनिहाल… सरकारी स्कूल के ऊपर  है हाईटेंशन तार 

# ग्रामीण व अभिभावकों ने बच्चों के साथ किया प्रदर्शन

सिंगरामऊ।
दीपक श्रीवास्तव 
तहलका 24×7 
                क्षेत्र के डेहूणा गांव में ग्रामीणों ने गांव के प्राथमिक स्कूल के ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन बिजली तार हटाने की मांग को लेकर शुक्रवार को धरना प्रदर्शन किया। इस धरना प्रदर्शन में ग्रामीणों के साथ स्कूल के बच्चे व उनके अभिभावक भी शामिल हो गए।अभिभावकों का कहना है कि हमारे बच्चे खतरे के साये में शिक्षा लेने को मजबूर हैं। विद्यालय के ऊपर से हाईटेंशन तार गुजर रहा है जो कि किसी भी समय बड़े हादसे को निमंत्रण दे सकता है।
गौरतलब हो कि बीती रात हाईटेंशन तार टूट गया और विद्यालय कैंपस में लगा 63 केवीए का ट्रांसफार्मर धूं-धूं कर जल गया आग इतनी विकराल थी कि कैंपस में लगा बरगद का पेड़ झुलस गया। संयोग अच्छा था कि उस समय रात थी अगर दिन में ये घटना होती तो विद्यालय चल रहा होता और बड़ा हादसा हो सकता था। इसी भय से कुछ ग्रामीण अपने बच्चों को विद्यालय जाने से रोक रहे है। ग्रामीणों ने शीघ्र तार को विद्यालय परिसर से हटाए जाने की मांग की है।
ग्राम प्रधान अनीता यादव ने बताया कि इसकी सूचना कई बार ब्लॉक स्तर के अधिकारियों को दी गई परंतु कोई कार्यवाही नहीं हुई। प्रधानाध्यापक अमरनाथ यादव ने बताया कि अभिभावक बच्चों को विद्यालय भेजने से डर रहे हैं जिससे कि बच्चों की संख्या आजकल विद्यालय में कम हुई है। इस संदर्भ में बदलापुर के खंड शिक्षा अधिकारी शैलेंद्र कुमार त्रिपाठी ने बताया कि कई बार शिक्षा विभाग के उच्चाधिकारियों से लेकर बिजली विभाग से शिकायत कर चुके हैं, लेकिन जिम्मेदारों की उदासीनता के कारण बच्चों की सुरक्षा को लेकर खतरा बना हुआ है।
बदलापुर क्षेत्र के अन्य 8 विद्यालयों पर हाईटेंशन तार होकर गुजर रहे हैं जो कि खतरे को निमंत्रण दे रहे हैं।इस सम्बंध में बिजली विभाग के एसडीओ रविंद्र पाल से बात की गई तो उन्होंने बताया कि अभी मुझे आये कुछ दिन ही हुए हैं। यहां से होकर कई गांव की बिजली गुजरती है। यहां से जल्द ही स्टीमेट बनाकर विद्यालय में से हाईटेंशन तार को अन्यत्र हटा दिया जाएगा परंतु थोड़ा समय लगेगा।
Previous articleजौनपुर : आत्मविश्वास से असंभव काम भी हो जाते हैं संभव- प्रो. अरुण सिंह
Next articleगोपीपुर की रामलीला में अंगद- रावण संवाद देख दर्शक हुए रोमांचित
Tahalka24x7
तहलका24x7 की मुहिम... "सांसे हो रही है कम, आओ मिलकर पेड़ लगाएं हम" से जुड़े और पर्यावरण संतुलन के लिए एक पौधा अवश्य लगाएं..... ?