जौनपुर : खस्ताहाल सड़क, जर्जर पुल व दूषित पानी के लिए डीएम, एसई एंव ईओ को नोटिस
जौनपुर।
विश्व प्रकाश श्रीवास्तव
तहलका 24×7
जिले की गड्ढायुक्त सड़कों, जर्जर पुलों तथा दूषित पानी को लेकर दीवानी न्यायालय के अधिवक्ता हिमांशु श्रीवास्तव के प्रार्थना पत्र पर स्थाई लोक अदालत के अध्यक्ष बुद्धिराम, सदस्य रमेश चंद्र राय व विजय शंकर श्रीवास्तव ने जिलाधिकारी, लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता व नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी पर परिवाद दर्ज करके नोटिस जारी किया है। कोर्ट ने आदेश दिया है कि एक दिसंबर 2022 को अदालत में उपस्थित होकर जवाब दें।

सिविल कोर्ट के अधिवक्ता हिमांशु श्रीवास्तव निवासी जोगियापुर ने अपने अधिवक्ता प्रशांत पंकज श्रीवास्तव के माध्यम से जिलाधिकारी, लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता व नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी के विरुद्ध स्थाई लोक अदालत में परिवाद दायर किया कि जनपद में कई जगह सड़कें टूटी हैं। शहर मुख्यालय पर कचहरी रोड, रोडवेज, तिलकधारी कॉलेज इत्यादि जगहों पर सड़कें अत्यंत खराब व टूटी हुई हैं। आने जाने वाले राहगीरों को कठिनाई होती है। जिससे रीढ़ की हड्डी व स्पाइनल प्रॉब्लम होने का खतरा बना हुआ है। इसके अलावा सड़कों पर उड़ने वाले धूल व गर्दा से सांस संबंधी रोगों का खतरा है।

बक्सा, जफराबाद, गौरा बादशाहपुर, शाहगंज आदि जगहों पर सड़कें खराब होने से हुए हादसों का जिक्र किया गया। इसके अलावा शहर के कई मोहल्लों में नल का पानी दूषित आता है। जिससे संक्रामक बीमारी होने का खतरा है। तीसरा मामला शहर के जर्जर पुलों का है। शहर के शास्त्री पुल के अलावा रामदयालगंज व चंदवक में गोमती पर बना पुल जर्जर स्थिति में है, जिससे कभी भी बड़ा खतरा हो सकता है। नागरिकों के जीवन की रक्षा के लिए पुलों का मरम्मत कराया जाना अत्यंत आवश्यक है। प्रार्थना पत्र के साथ विभिन्न समाचार पत्रों में छपी खबरों का जिक्र करते हुए छाया पत्र उपयोगी सेवाओं से संबंधित है। जिस पर कोर्ट ने नोटिस जारी किया।
















