जौनपुर : दारोगा के विरुद्ध गैर जमानती वारंट जारी
मुंगरा बादशाहपुर।
दीपक श्रीवास्तव
तहलका 24×7
विशेष न्यायाधीश (एससी-एसटी एक्ट) की अदालत ने एक दलित को मारने की धमकी देने व गाली-गलौज के आरोप में पवांरा थाने पर तैनात दरोगा नागेश्वर शुक्ला को गैर जमानती वारंट जारी किया है।पवांरा निवासी अर्जुन गौतम ने न्यायालय में परिवाद दाखिल किया था कि पवांरा थाने पर तैनात दारोगा नागेश्वर शुक्ला किसी बात से नाराज हो गए थे।

आरोप है कि 23 मई 2021 को परिवादी दारोगा से कोई जानकारी लेने गया तो उन्होंने उसे जातिसूचक शब्दों का प्रयोग कर गाली देते हुए हाथ-पैर तोड़ने व फर्जी केस में फंसाने की धमकी दी और पुन: उसी दिन करीब एक बजे दरोगा नागेश्वर शुक्ला परिवादी के घर गए और पुन: गालियां दीं और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया। जिस पर न्यायालय ने परिवाद दर्ज करने के साथ ही तलब भी किया था। जमानती वारंट जारी होने के बावजूद दरोगा न्यायालय में हाजिर नहीं हुए। शुक्रवार को विशेष न्यायाधीश (एससी/एसटी एक्ट) की अदालत ने दरोगा के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी करते हुए 14 जनवरी को न्यायालय में पेश होने का आदेश दिया है।
















