जौनपुर : दूसरे परीक्षार्थी के स्थान पर परीक्षा दे रहा युवक पकड़ाया
जौनपुर।
विश्व प्रकाश श्रीवास्तव
तहलका 24×7
वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों में परीक्षाएं चल रही हैं। शनिवार को मुफ्तीगंज के राम मनोहर लोहिया डिग्री कालेज में बीए प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा में दूसरे अभ्यर्थी के स्थान पर परीक्षा दे रहे एक युवक को कालेज प्रशासन ने पकड़ लिया। उसे मुफ्तीगंज पुलिस के हवाले कर दिया गया। वहीं, स्नातक प्रथम सेमेस्टर के समाजशास्त्र की परीक्षा का शनिवार को कुलपति प्रोफेसर निर्मला एस मौर्या ने औचक निरीक्षण किया।

राम मनोहर डिग्री कालेज के प्राचार्य डॉ जय प्रकाश पाठक ने बताया कि सुबह बीए प्रथम सेमेस्टर के समाजशास्त्र द्वितीय पेपर की परीक्षा थी। जिसमें विकेश यादव छात्र के स्थान पर सत्यानंद परीक्षा दे रहा था। निरीक्षण के दौरान कक्ष निरीक्षक ने परीक्षार्थी की जांच की तो प्रवेश पत्र पर लगे फोटो से उसका हुलिया मैच नहीं किया। संदेह पर कक्ष निरीक्षक ने जब उससे उसका वास्तविक परिचय पूछा तो वह कक्षा से निकल कर बाहर भागने लगा। ड्यूटी पर तैनात सिपाहियों और अन्य कक्ष निरीक्षकों ने उसे कालेज परिसर के बाहर सड़क पर दौड़ाकर पकड़ लिया और मुफ्तीगंज पुलिस को सौंप दिया।


















