जौनपुर : नाली निर्माण के चलते लगा खेतासराय में भीषण जाम
खेतासराय। अज़ीम सिद्दीकी तहलका 24×7 नगर में मुख्य चौराहे के समीप नाली निर्माण के चलते इन दिनों आए दिन राहगीरों को जाम का सामना करना पड़ रहा है। मंगलवार को सायं चौराहे पर भीषण जाम लग गया। जाम के चलते दीदारगंज रोड पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। जाम हटाने में पुलिस के पसीने छूट गए।
दीदारगंज रोड और मेनरोड पर इन दिनों नाली का निर्माण हो रहा है। सड़क की पटरियों पर ईंट बालू रखने से चौराहा पर चारों दिशा से आने जाने वाले वाहनों को मुड़ते समय जाम की स्थिति पैदा हो जाती है। आज सायं सवा पांच बजे चौराहा पर ऐसा ही देखने को मिला। एक तरफ से पुलिसकर्मी वाहनों को निकालते रहे कि बीच में बाइक वाले घुसते रहे। जिससे चार पहिया वाहनों का पहिया थम गया। धीरे धीरे इस कदर जाम लग गया कि दीदारगंज रोड, खुटहन रोड और मेनरोड पर वाहनों की लंबी लाइन लग गई। ड्यूटी पर तैनात पुलिस भी हलकान हो गई। देर शाम तक जाम का सिलसिला रुक रुक कर चलता रहा।