जौनपुर : निलम्बित बैंक कर्मी के करतूतों की जॉच शुरु
# पहले भी हो चुकी है खाता धारकों द्वारा पैसा निकाले जाने की शिकायत
खेतासराय।
अज़ीम सिद्दीकी
तहलका 24×7
पंजाब नेशनल बैंक की स्थानीय शाखा के निलम्बित बैंक कर्मी द्वारा किये गए लेन-देन की जांच जारी है। फ़िलहाल शाखा प्रबंधक बैंक की साख का हवाला देकर अधिकृत जानकारी देने से कतराते रहे।

तहलका प्रतिनिधि के अनुसार राकेश कुमार नगर के पंजाब नेशनल बैंक शाखा में सिंगल विंडो आपरेटर के पद पर तैनात थे। उनके खिलाफ़ बैंक के ही खाता धारक ने अवैध ढंग से धन हस्तांतरित करने की शिकायत की थी। प्रथम दृष्टया शिकायत सही पाए जाने पर गत 20 दिसम्बर को मण्डल मुख्यालय द्वारा राकेश कुमार को निलम्बित कर दिया।

शुक्रवार को सामान्य ढंग से बैंक में काम काज होता रहा। शाखा प्रबन्धक मंडल मुख्यालय से आई जॉच टीम को सहयोग करते रहे। निलम्बित बैंक कर्मी को 20 दिसम्बर से ही शाखा में आने से रोक दिया गया है। बताते चलें कि पूर्व में भी बैंक के उपभोक्ताओं ने खाते से पैसा गायब होने की शिकायत शाखा प्रबंधक से की थी, लेकिन जिम्मेदार प्रबंधक द्वारा देखने और जांच करने का आश्वासन देकर अपने कर्तव्यों को दर किनार करते रहे।

नगर के गोला बाज़ार निवासी किशोर कुमार गुप्ता का अपनी पत्नी सारिका गुप्ता के साथ बैंक शाखा में संयुक्त खाता है। बिना खाता धारक की जानकारी के दिनांक 12 अगस्त से 16 अगस्त तक पांच बार में खाते से पचास हज़ार रुपए निकला तथा दस हजार रुपया जमा किया गया। 40 हज़ार अपने खाते से कम होने पर किशोर कुमार ने 21 अगस्त को बैंक के उच्चाधिकारियों से शिकायत की थी। शिकायत के तीन महीने बाद इनका 40 हज़ार रूपया पिछले महीने वापस मिला था। जिसकी जानकारी शाखा प्रबंधक के अलावा शाखा कार्यालय के सभी कर्मचरियों को होने के बाद भी किसी जिम्मेदार ने इस गम्भीर शिकायत को गम्भीरता से नहीं लिया। फ़िलहाल स्थानीय जिम्मेदारों द्वारा खाते से रुपये कम होने की शिकायत को स्थानीय जिम्मेदारों द्वारा गम्भीरता से लिया गया होता तो घोटालेबाज कर्मचारी पर नकेल कसी जा सकती थी।
















