जौनपुर : पुलिस की लचर कार्यशैली से चोरों के हौसले बुलंद, आमजन हलकान
मछलीशहर।
दीपक श्रीवास्तव
तहलका 24×7
पंवारा थाना क्षेत्र में चोरों व मवेशियों को उठा ले जाने वाले गिरोह का आतंक बढ़ता जा रहा है। इस महीने इलाके के विभिन्न गांवों में कई घटनाएं होने से लोग अपनी संपत्ति व मवेशियों को असुरक्षित महसूस करने लगे हैं। लोग पुलिस के रात्रि गश्त पर सवाल उठाने लगे हैं। चोरों को पकड़ना तो दूर पुलिस एफआईआर तक दर्ज नहीं करती।

बताते चलें कि दो जनवरी की रात हिम्मतपुर गांव में चोर तीन लोगों के घरों का ताले चटकाकर नकदी व आभूषणों समेत लाखों की संपत्ति समेट ले गए। पुलिस आज तक चोरों का पता नहीं लगा सकी है। नौ जनवरी की रात सजईंकला गांव निवासी हरिश्चंद्र सरोज के पशुशाला में बंधी भैंस खोल ले जाने वाले मवेशी चोरों को भी पुलिस आज तक पकड़ नहीं सकी है। 18 जनवरी की रात उचौरा बाजार में स्थित सर्राफा की दुकान शिवानी ज्वेलर्स के पीछे की दीवार में सेंध काटकर चांदी के पुराने आभूषण, सोने की कील, नथिया चोरी कर लेने वाले भी गिरफ्त से दूर हैं।

















