जौनपुर : फगुआ की खुमारी में झूमें लोग, हर्षोल्लास के साथ मनाई गई होली
बक्शा।
दीपक श्रीवास्तव
तहलका 24×7
बक्शा विकास खण्ड के सुजियामऊ गांव में शुक्रवार को पारंपरिक होली गीत का आयोजन किया गया। इस दौरान फगुआ गीतों व वाद्य यंत्रों की धुन पर श्रोता मन्त्र मुग्ध हो गये। जिसको सुनने के लिए दूर-दराज से पहुँचे सैकड़ों श्रोताओं पर आयोजक पूर्व ब्लॉक प्रमुख श्रीपति उपाध्याय द्वारा पुष्प वर्षा की गई।

कलाकारों ने अवधी, फगुआ, उलारा, चैता, बेलवइया, चहका, धमार आदि गीत की शानदार प्रस्तुति दी। श्रीपति उपाध्याय उर्फ भैवा के आवास पर आयोजित होली मिलन गीत में 92 वर्षीय बड़कऊ उपाध्याय द्वारा चौताल “मोहि अवध छयल दिलदारे नयन शर मारे” व कैलाश शुक्ला द्वारा चहका गीत “झोकवन बहई बयार अटरिया लम्बी छवाई द बालमवा” प्रस्तुत कर मंत्रमुग्ध कर दिया। प्रख्यात गायक लालसाहब पाठक व रामआसरे तिवारी द्वारा “बालम सेजिया नहि आये सखी की बेहतरीन प्रस्तुति की। चक्रपति उपाध्याय ने धमार “चल चल अटरिया भाग पिया बरसई झमकारी बदरिया” तथा धर्मदत्त उपाध्याय द्वारा मोहि नीको न लागे नैहिरवा गीत गाकर श्रोताओं को भावविभोर कर दिया।
















