जौनपुर : शाहगंज निकायनामा वार्ड संख्या तीन…
# बुनियादी समस्याओं से जूझ रहे हैं शाहगंज के वार्ड नम्बर तीन के निवासी
# नियमित सफाई न होने से लगे कूड़े के अम्बार से हलकान हैं वार्डवासी
शाहगंज।
रवि शंकर वर्मा
तहलका 24×7 वार्ड नंबर 3 अलीगंज द्वितीय में जनता बुनियादी समस्याओं से दो चार हो रही है। नालियों की नियमित सफाई नहीं होने, कूड़ा समय से नहीं उठने, टूटी हुई गलियां और जलजमाव से त्रस्त जनता सभासद की लापरवाही और अनुपलब्धता को इसका जिम्मेदार मानती है। पांच साल की उपलब्धि के तौर पर वार्ड के पास एक डीलक्स शौचालय और कुछ रास्ते हैं।

वार्ड नंबर तीन में घासमंडी चौक, पुरानी बाजार, दफल टोला और अलीगंज के कुछ हिस्से आते हैं। वार्ड में लोगों से मिलने के दौरान सबसे आम शिकायत सभासद का लोगों से नियमित संपर्क नहीं रखने की रही। पुरानी बाजार में राहुल कुमार ने चोक और टूटी नालियों को बड़ी समस्या बताया। उन्होंने कहा कि बगैर कहे सफाई होती ही नहीं है। मिथुन भारती के मुताबिक वार्ड में काफी खाली जगह है, जहां सामुदायिक हॉल बनना चाहिए ताकि आम लोगों के छोटे मोटे समारोह आयोजित हो सकें।

पूर्व सभासद फूला देवी के प्रतिनिधि अमरनाथ भारती ने बताया कि नगर पालिका का प्राथमिक स्कूल अभी भी बुनियादी सुविधा से वंचित है और बच्चे डेस्क बेंच की बजाय जमीन पर बैठकर पढ़ाई करते हैं। वार्ड की पूर्वी सीमा पर हड्डी अस्पताल गली है, जहां कई बड़े अस्पताल हैं लेकिन रास्ता टूटा फूटा है, जिससे राहगीरों को तकलीफ होती है।


दफल टोला में सुरेश चंद सोनी ने कहा कि घर के सामने ही लोगों के द्वारा कूड़ा फेंका जाता है लेकिन नगर पालिका उसे उठवाती नहीं। अलीगंज के विकास गुप्ता टूटे हुए रास्ते और कूड़े का उठान न होने से क्षुब्ध दिखे। वार्ड के सभासद निजामुद्दीन ने डीलक्स शौचालय को अपनी उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि नाली और सड़क का टेंडर हो चुका है और बहुत जल्द काम भी शुरू हो जाएगा। उन्होंने वार्ड में गैरमौजूदगी की शिकायत को दरकिनार करते हुए कहा कि वो पांच साल लगातार फील्ड में ही रहे हैं।
















