जौनपुर : युवा पहलवान की चाकू घोंपकर हत्या के बाद बवाल

जौनपुर : युवा पहलवान की चाकू घोंपकर हत्या के बाद बवाल

# आक्रोशित भीड़ ने फूंकी सरकारी एंबुलेंस, सीओ और थानाध्यक्ष की गाड़ी को किया क्षतिग्रस्त

जौनपुर।
रवि शंकर वर्मा
तहलका 24×7
                    धर्मापुर बाजार में शुक्रवार शाम एक युवक ने अंडा खाने को लेकर हुए विवाद में दो दोस्तों बादल यादव (22) और अंकित यादव (21) को चाकू घोंप दिया। दोनों को जिला अस्पताल लाया गया। डॉक्टरों ने बादल को मृत घोषित कर दिया। अंकित की हालत गंभीर है। बादल पहलवानी करता था।
घटना के तुरंत बाद आक्रोशित लोगों ने आरोपी शिवम राय उर्फ गोलू को पीटा और दुकान में तोड़फोड़ की। मौत की सूचना पाकर आक्रोशित लोगों ने जौनपुर-आजमगढ़ मार्ग पर प्रसाद तिराहे के पास जाम लगा दिया। इस दौरान सरकारी एंबुलेंस में आग लगा दी। सीओ केराकत, थानाध्यक्ष गौरा बादशाहपुर के वाहन समेत कई गाड़ियों में तोड़तोड़ की।
देर रात फायर बिग्रेड की टीम ने आग पर काबू पाया। उपद्रव में 10 से ज्यादा पुलिसकर्मियों को चोटें लगीं। पथराव और प्रदर्शन करने के मामले में पुलिस ने ग्राम प्रधान सहित चार लोगों को पकड़ लिया है। शनिवार सुबह से धर्मापुर बाजार में तनावपूर्ण शांति है। आज शव का पोस्टमार्टम किया जाएगा।
उपद्रव के बाद धर्मापुर बाजार में जिले के 10 थानों से फोर्स, पीएएसी, क्यूआरटी और एसओजी टीम को तैनात कर दिया गया। रात में करीब दस बजे दमकल की दो गाड़ियां पहुंची, लेकिन तब तक एंबुलेंस जल चुकी थी। देर रात तक तनाव की स्थिति बनी रही। मृतक बादल तीन भाइयों में सबसे छोटा था। उसकी मौत की खबर पर गांव में कोहराम मच गया। वह क्षेत्रीय कुश्ती प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेता था। साथ ही सेना में जाने की तैयारी करता था। इस घटना के बाद से सेना की तैयारी करने वाले युवाओं और पहलवानों में आक्रोश रहा।
धर्मापुर में पहलवान की हत्या के बाद स्थिति नियंत्रण से बाहर हो गई थी। शुरू के करीब दो घंटे तक पुलिस खुद का असहज महसूस कर रही थी, क्योंकि प्रदर्शनकारियों उग्र हो गए थे। रात साढ़े दस बजे किसी तरह चार घंटे मशक्कत के बाद स्थिति नियंत्रण में आई। देर रात तक दस थानों की फोर्स के अलावा 400 से अधिक पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया था। एएसपी सिटी डा. संजय कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया जो बात सामने आई है, उसके मुताबिक अंडा खाने को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हुआ था। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। जहां एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरे को वाराणसी रेफर किया गया था। स्थिति नियंत्रण में है। तनाव जैसी कोई बात नहीं है। पुलिस जांच में यह बात सामने आई कि आरोपी गोलू का नाम पहले भी कई घटनाओं में आ चुका है। उस पर पहले से मुकदमे दर्ज हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आरोपी शिवम राय ने युवा पहलवान बादल और अंकित पर कई बार चाकू से वार किया। दोनों मौके पर तड़पने लगे। यह देख बाजार में दहशत से लोग इधर-उधर दौड़ने लगे। कुछ लोगों ने आरोपी को दौड़ाकर पकड़ा और जमकर पीटा। उसे नाजुक हालत में चोरसंड स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। जबकि जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने बादल को मृत घोषित कर दिया। वहीं, अंकित को रेफर कर दिया।

बादल की मौत की खबर सुनकर गांव के लोग भी धर्मापुर बाजार, केराकत-जौनपुर मार्ग और जौनपुर-आजमगढ़ मार्ग स्थित प्रसाद तिराहे के पास प्रदर्शन करने लगे। प्रदर्शनकारियों ने अंडे की दुकान में तोड़फोड़ की। केराकत से जौनपुर की तरफ जा रही खाली सरकारी एंबुलेंस को रोककर चालक को उतार दिया। इसके बाद एंबुलेंस को आग के हवाले कर दिया। गौरा बादशाहपुर थानाध्यक्ष और सीओ केराकत शुभम तोदी की गाड़ी में तोड़फोड़ के अलावा कई गाड़ियों के शीशे तोड़ दिए।
Previous articleजौनपुर : ललितपुर और चंदौली के जघन्य काण्ड के विरोध में आप ने किया प्रदर्शन
Next articleजौनपुर : पहलवान की हत्या के विरोध में शनिवार को धर्मापुर बाजार बंद
Tahalka24x7
तहलका24x7 की मुहिम... "सांसे हो रही है कम, आओ मिलकर पेड़ लगाएं हम" से जुड़े और पर्यावरण संतुलन के लिए एक पौधा अवश्य लगाएं..... ?