पीएचसी सोंधी के अधीक्षक डा.रमेश चंदा अपनी टीम के साथ दोपहर साढ़े बारह बजे अचानक मानीकलां में सिटी हास्पिटल पर पहुंचे। स्वास्थ्य विभाग की टीम के अंदर घुसने से पहले ही अस्पताल का संचालक अल्ट्रासाउंड समेत अन्य कमरे को लाक कर फरार हो गया। डा. रमेश चंद्रा के अनुसार हास्पिटल का रजिस्ट्रेशन फेल मिला। हास्पिटल में काम करने वाले कर्मचारी अप्रशिक्षित मिले। हास्पिटल के कागजात मांगने पर कर्मचारी दिखा नहीं पाए। अल्ट्रासाउंड समेत अन्य कमरों में ताला लगा मिला। हास्पिटल को सीज करने की रिपोर्ट सीएमओ को सौंप दी गई है। टीम ने लगभग दो घंटे तक हास्पिटल की छानबीन की। स्वास्थ्य टीम में स्वास्थ्य शिक्षाधिकारी अजय कुमार सिंह, बीपीएम सुजीत कुमार मौर्या, राममिलन यादव आदि शामिल रहे।