ट्विशा शर्मा मौत मामला: रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह के घर पहुंची सीबीआई, कभी भी हो सकती है गिरफ्तारी
भोपाल।
तहलका 24×7
ट्विशा शर्मा मौत मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो ने गुरुवार को रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह के भोपाल स्थित आवास पर पहुंचकर पूछताछ शुरु कर दी। हाईकोर्ट द्वारा अग्रिम जमानत निरस्त किए जाने के बाद किसी भी समय उनकी गिरफ्तारी हो सकती है। सीबीआई की टीम करीब दो घंटे से अधिक समय से आवास पर मौजूद है और मामले से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर पूछताछ कर रही है।

सूत्रों के अनुसार सीबीआई टीम ने गिरिबाला सिंह के घर की थ्री-डी मैपिंग भी शुरू कर दी है।इसके लिए विशेष कैमरे और तकनीकी उपकरण लगाए गए हैं।जांच एजेंसी घटनास्थल का थ्री-डी मॉडल तैयार कर पूरे घटनाक्रम को विस्तार से समझने का प्रयास कर रही है, ताकि घटना के दिन की परिस्थितियों और साक्ष्यों का सटीक विश्लेषण किया जा सके।सीबीआई टीम के पहुंचने के कुछ देर बाद गिरिबाला सिंह के वकील इनोश जॉर्ज कार्लो भी उनके बंगले पर पहुंचे।

हालांकि उन्होंने मीडिया से कोई बातचीत नहीं की और सीधे अंदर चले गए।हाईकोर्ट ने गिरिबाला सिंह की अग्रिम जमानत तीन प्रमुख आधारों पर निरस्त की है। अदालत ने माना कि आरोपी सास गिरिबाला सिंह और पति समर्थ द्वारा ट्विशा शर्मा पर गर्भपात के लिए दबाव बनाए जाने के आरोप गंभीर हैं। इसके अलावा अदालत ने यह भी कहा कि शादी के बाद विदेश जाने के दौरान आर्थिक सहायता दिए जाने से दहेज मांग से इनकार नहीं किया जा सकता।

तीसरा महत्वपूर्ण आधार यह रहा कि घटना के बाद गिरिबाला सिंह ने पुलिस जांच में अपेक्षित सहयोग नहीं किया,जिसे अदालत ने गंभीर अपराध की श्रेणी में माना।मामले को लेकर महाधिवक्ता प्रशांत सिंह ने कहा कि एफआईआर दर्ज होने से पहले ही अग्रिम जमानत ले ली गई थी,जबकि विवेचना के दौरान ही साक्ष्यों का समुचित संकलन हो पाता है।अब चूंकि मामले की जांच सीबीआई कर रही है,इसलिए सभी तथ्यों और साक्ष्यों पर गहनता से विचार किया जाएगा।ट्विशा शर्मा मौत मामला प्रदेश में लगातार चर्चा का विषय बना हुआ है और अब सीबीआई की सक्रियता के बाद मामले में आगे बड़ी कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।

















