डंपर की चपेट में आने से निजी चिकित्सक की मौत,आक्रोशित ग्रामीणों ने लगाया जाम
गाजीपुर।
तहलका 24×7
जिले के जमानियां क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-24 पर बुधवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक निजी चिकित्सक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने शव सड़क पर रखकर चक्काजाम कर दिया,जिससे गाजीपुर जमानियां मार्ग पर कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया।

जानकारी के अनुसार,ढढ़नी भानमल राय गांव निवासी 40 वर्षीय निजी चिकित्सक संजय राम अपने निजी कार्य के लिए बाइक से गाजीपुर जा रहे थे।गरुआ मकसूदपुर गांव के समीप गाजीपुर की ओर से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि हेलमेट पहनने के बावजूद उनके सिर में गंभीर चोट आई और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।हादसे के बाद डंपर चालक वाहन सहित फरार हो गया।

सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।वहीं,चिकित्सक की मौत की खबर घर पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया।आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने शव को राष्ट्रीय राजमार्ग पर रखकर जाम लगा दिया।इससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।मृतक संजय राम तीन भाइयों में सबसे बड़े थे और ढढ़नी में निजी क्लीनिक संचालित कर परिवार का भरण पोषण करते थे।परिवार में पत्नी उर्मिला,पुत्र आदर्श और वृद्ध पिता परसिद्धन हैं।

घटना के बाद पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के छोटे भाई अक्षय उर्फ मिंटू ने आरोप लगाया कि राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे नाले के निर्माण के लिए खोदे गए गड्ढों और सड़क पर फैली मिट्टी के कारण सड़क संकरी हो गई थी,जिससे यह हादसा हुआ।उन्होंने निर्माण कार्य में लापरवाही बरतने वाले ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।सूचना पर एसडीएम निधि,क्षेत्राधिकारी अंकित तिवारी,क्षेत्राधिकारी अनिल कुमार,तहसीलदार रामनारायण वर्मा तथा भारी पुलिस बल मौके पर पहुंची।

अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाकर जाम समाप्त कराने का प्रयास किया,लेकिन प्रदर्शनकारी डंपर चालक की गिरफ्तारी, ठेकेदार के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने और मृतक के परिजनों को आर्थिक सहायता देने की मांग पर अड़े रहे।प्रभारी थानाध्यक्ष सूर्यकांत यादव ने बताया कि फरार डंपर चालक और वाहन की तलाश की जा रही है।साथ ही परिजनों और ग्रामीणों से वार्ता कर जाम समाप्त कराने का प्रयास जारी है।


















