डांट से नाराज होकर घर से भागे किशोर को पुलिस ने किया बरामद
पिंडरा,वाराणसी।
नितेश गुप्ता
तहलका 24×7
फूलपुर थाना क्षेत्र के हमीरापुर गांव से घरवालों की डांट से नाराज होकर भागे किशोर को पुलिस ने 24 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंप दिया।पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना हो रही है।जानकारी के अनुसार गांव निवासी आदित्य कुमार पुत्र मंगरू राम शनिवार सुबह किसी बात को लेकर पिता की डांट से नाराज होकर घर से निकल गया।

देर शाम तक घर न लौटने पर परिजनों ने उसकी काफी खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद परिजन कठिरांव चौकी पहुंचे और उपनिरीक्षक रितेश कुमार से मदद की गुहार लगाई।मामले को गंभीरता से लेते हुए उपनिरीक्षक रितेश कुमार ने तत्काल उच्चाधिकारियों को सूचना दी और सीडीआर व सर्विलांस की मदद से किशोर की लोकेशन ट्रेस कराई। जांच में उसकी लोकेशन लखनऊ में मिली।इसके बाद लखनऊ पुलिस से समन्वय स्थापित कर रविवार रात किशोर को सकुशल बरामद कर लिया गया।


















