डीजे विवाद की पंचायत बनी रणभूमि,महिलाओं समेत सात घायल
खेतासराय, जौनपुर।
डॉ. सुरेश कुमार
तहलका 24×7
भदैला गांव में गुरुवार की सुबह आपसी विवाद सुलझाने के लिए बुलाई गई पंचायत अचानक हिंसा में बदल गई।देखते ही देखते दोनों पक्षों में जमकर मारपीट शुरु हो गई,जिसमें कई लोग घायल हो गए। घायलों में अधिकांश महिलाएं शामिल हैं।सभी को उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सोंधी पहुंचाया गया,जहां एक युवती की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

बताया जाता है कि 17 मई को गांव निवासी सौरभ की बहन हिमांशी की शादी समारोह के दौरान डीजे पर गाना बजाने और डांस को लेकर गांव के दो पक्षों में कहासुनी हो गई थी।उस समय लोगों ने हस्तक्षेप कर मामला शांत करा दिया था।उसी विवाद को समाप्त करने के लिए गुरुवार की सुबह गांव में पंचायत बुलाई गई थी।पंचायत के दौरान बातचीत शुरु हुई,लेकिन समझौते की जगह विवाद और बढ़ गया।आरोप-प्रत्यारोप के बीच दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और मारपीट शुरु हो गई।

मारपीट में एक पक्ष से खुशबू (17),रवीना (25),दिव्या (26),संगीता (30) और धर्मेंद्र कुमार (52) घायल हो गए, जबकि दूसरे पक्ष से ममता (30) और अनीता (38) को चोटें आईं।चिकित्सकों ने खुशबू की गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। थानाध्यक्ष प्रदीप सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर मारपीट का मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।

















