थाने में पैरवी करना व्यापारी नेता को पड़ा महंगा,दबंगों ने घर पर खड़ी सफारी के शीशे तोड़े
पिंडरा,वाराणसी।
नितेश गुप्ता
तहलका 24×7
फूलपुर थाना क्षेत्र के पिंडरा बाजार में दुकान पर कब्जे के प्रयास के मामले में पीड़ित की पैरवी करने पहुंचे व्यापारी नेता के घर पर खड़ी सफारी वाहन को दबंगों ने निशाना बना दिया।आरोप है कि अज्ञात लोगों ने लाठी-डंडों से वाहन के शीशे तोड़ दिए और धमकी देते हुए फरार हो गए।घटना से व्यापारियों में आक्रोश व्याप्त है।

जानकारी के अनुसार,सोमवार रात पिंडरा बाजार में एक दुकान को क्षतिग्रस्त कर कब्जे के प्रयास का मामला सामने आया था।इस मामले में पीड़ित दुकानदार त्रिलोकी चौरसिया के साथ वैश्य समाज के जिलाध्यक्ष एवं पूर्व जिला पंचायत सदस्य कृष्ण कुमार उर्फ रामू गुप्ता अन्य व्यापारियों के साथ फूलपुर थाने पहुंचे थे। वहां वे आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे थे।इसी दौरान पिंडरा स्थित रामू गुप्ता के आवास पर खड़ी उनकी सफारी वाहन के पास कुछ लोग पहुंचे और लाठी-डंडों से उसके शीशे तोड़ दिए।

आरोप है कि घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।घटना की जानकारी मिलने पर व्यापारियों में नाराजगी फैल गई। कृष्ण कुमार उर्फ रामू गुप्ता ने अज्ञात लोगों के खिलाफ फूलपुर थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और आरोपितों की पहचान कर उनके खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।


















