दाह संस्कार की तैयारी के बीच वायरल हुआ बेटी का वीडियो, बोली- ‘मैं जिंदा हूं,लव मैरिज कर ली है’
# तालाब किनारे मिले शव को परिजनों ने बेटी समझकर की थी पहचान,पुलिस ने शुरु की जांच
समस्तीपुर।
तहलका 24×7
बिहार के समस्तीपुर जिले में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है।लापता छात्रा का शव समझकर जिस युवती के अंतिम संस्कार की तैयारी परिवार कर रहा था,उसी दौरान उसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।वीडियो में युवती ने खुद को जीवित बताते हुए कहा कि उसने अपनी मर्जी से प्रेम विवाह किया है और वह पूरी तरह सुरक्षित है। घटना के बाद परिवार और पुलिस दोनों हैरान रह गए हैं।

विद्यापतिनगर थाना क्षेत्र के भजनगामा गांव की स्नातक प्रथम वर्ष की छात्रा 21 जून को दादी की दवा लेने घर से निकली थी,लेकिन वापस नहीं लौटी।परिजनों ने काफी तलाश के बाद 23 जून को अपहरण की आशंका जताते हुए थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी।इसी बीच 27 जून को बेगूसराय जिले के गढ़पुरा थाना क्षेत्र में तालाब किनारे बोरे में बंद एक सड़ा-गला शव मिला।शव की पहचान के लिए बुलाए गए परिजनों ने उसे अपनी बेटी का शव मान लिया।

शव घर लाकर अंतिम संस्कार की तैयारी की जा रही थी।इसी दौरान सोशल मीडिया पर छात्रा का वीडियो वायरल हो गया।वीडियो में उसने कहा कि वह जीवित है,अपनी इच्छा से प्रेम विवाह कर चुकी है और सुरक्षित है।वीडियो सामने आने के बाद परिवार सकते में आ गया।दलसिंहसराय के डीएसपी विवेक कुमार ने बताया कि युवती का वीडियो सामने आया है और उसका लोकेशन ट्रेस किया जा रहा है।

पुलिस वीडियो की प्रामाणिकता की भी जांच कर रही है।उन्होंने कहा कि युवती की सुरक्षित बरामदगी पुलिस की पहली प्राथमिकता है।ग्रामीणों के अनुसार छात्रा की एक स्थानीय युवक से लंबे समय से मित्रता थी और दोनों ने प्रेम विवाह करने का निर्णय लिया था।हालांकि पुलिस का कहना है कि युवती के मिलने और जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।


















